आगरालीक्स…Agra News: आगरा में खटमल और चूहे के मलमूत्र से तेज बुखार और शरीर में दर्द, बुखार के पांच मरीजों में स्क्रब टाइफस एवं लेप्टोस्पायरोसिस की पुष्टि। ( Agra News: Three cases of scrub typhus & two cases of leptospirosis in Agra#Agra)
आगरा के शमसाबाद के गांव बड़ोवरा कला में बुखार के प्रकोप के बाद मरीजों की जांच कराई गई। 136 मरीजों की डेंगू सहित अन्य जांच हुई इसमें 15 मरीजों में डेंगू की पुष्टि मिली जबकि अन्य मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आई थी।
तीन मरीज में स्क्रब टाइफस और दो में लेप्टोस्पायरोसिस
वेक्टर बोर्न डिजीज के नोडल अधिकारी डॉ. एसएम प्रजापति के अनुसार, जिन मरीजों की डेंगू की रिपोर्ट निगेटिव आई ऐसे 44 मरीजों की एसएन में जांच कराई गई। इनमें से तीन मरीजों में स्क्रब टाइफस और दो मरीजों में लेप्टोस्पायरोसिस की पुष्टि हुई है। ये बीमारी जानवरों से मनुष्यों में फैलती हैं। खटमल के काटने से लेकर चूहे, कुत्ते बिल्ली के मल मूत्र के संपर्क में नंगे पैर आने और पैर और शरीर में छोटे कीड़े जिन्हें चिगर माइटस भी कहते हैं उनके काटने से संक्रमण फैलता है। इसके लक्षण भी वायरल और डेंगू की तरह से ही होते हैं।
स्क्रब टाइफस
• यह बीमारी चिगर माइट्स (घास में रहने वाले कीड़े) के काटने से फैलती है।
• लक्षण: तेज बुखार, सिर दर्द, शरीर में दर्द, लाल दाने, कभी-कभी काले रंग का घाव (eschar)।
प्रोफिलैक्सिस
जिन क्षेत्रों में संक्रमण की संभावना अधिक हो, वहाँ जाने वाले स्वास्थ्यकर्मी एवं संवेदनशील लोगों को डॉक्सीसाइक्लिन 200 mg सप्ताह में एक बार या अज़िथ्रोमाइसिन (उन लोगों के लिए जो डॉक्सीसाइक्लिन नहीं ले सकते) दी जा सकती है।
• खेतों/झाड़ियों में काम करते समय शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें।
• मच्छर/कीटरोधी क्रीम का उपयोग करें।
लेप्टोस्पायरोसिस
• यह बीमारी चूहों एवं अन्य जानवरों के मूत्र से प्रदूषित पानी या मिट्टी के संपर्क से फैलती है।
• लक्षण: बुखार, ठंड लगना, मांसपेशियों में दर्द, आँख लाल होना, कभी-कभी पीलिया और गुर्दे/फेफड़े प्रभावित होना।
प्रोफिलैक्सिस (रोकथाम):
• बाढ़ या गंदे पानी में काम करने वाले व्यक्तियों को डॉक्सीसाइक्लिन 200 mg साप्ताहिक (खासकर संवेदनशील लोगों के लिए) दी जा सकती है।
• पानी/कीचड़ में काम करते समय रबर के जूते और दस्ताने पहनें।
• साफ पानी का उपयोग करें और स्वच्छता का ध्यान रखें।
• बुखार के मरीजों की जाँच में स्क्रब टाइफस और लेप्टोस्पायरोसिस को भी शामिल करें।
• किसी भी लक्षण पर तुरंत नज़दीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।
• स्वास्थ्य विभाग द्वारा निगरानी एवं नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।