आगरालीक्स…आगरा में पानी गर्म करने के लिए लगाई राॅड में आया करंट. मां-बेटे सहित तीन लोग हुए बेहोश. पड़ोसियों ने सीपीआर देकर बचाया…
आगरा में पानी गर्म करने के लिए लगाई राॅड में करंट आने से वृद्धा सहित तीन लोग झुलस कर बेहोश हो गए. मौके पर आए पड़ोसियों ने सीपीआर देकर जान बचाई. वृद्धा को गंभीर अवस्था में निजी अस्पताल में भर्ती कराया है. करंट लगने वालों में किरायेदार महिला भी है.
घटना आज दोपहर करीब तीन बजे की है. ट्रांस यमुना फेस 2 में सावित्री रहती हैं. आज दोपहर तीन बजे वह घर पर इलेक्ट्रिक राॅड से स्टील की बाल्टी में पानी गर्म कर रही थीं. राॅड में करंट आ गया जिसकी चपेट में वह आ गईं. शाॅर्ट सर्किट से कमरे में धुआं भर गया. घर पर महिला का सात साल का पोता उत्सव ने यह देखकर शोर मचाया. इस पर किरायेदारी महिला पूनम कमरे में आ गई और उसने महिला के बेटे रामनरेश को फोन करके जानकारी दी. इसके बाद किरायेदार महिला बचाने गई तो उसे भी करंट लग गया.
इस पर बेटा भी मौके पर आ गया. उसने मां और किरायेदार महिला को बचाने की कोशिश की लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गया और लेकिन बिजली का झटका लगने से वह बेहोश हो गया. तब तक मोहल्ले वालों ने मौके पर पहुंचकर मेन स्विच बंद कर तीनों को सीपीआर दिया. बेटा होश में आ गया. महिला और किरायेदार महिला को अस्पताल ले जाया गया. यहां किरायेदार महिला पूनम खतरे से बाहर है और सावित्री की हालत गंभीर बनी है.