आगरालीक्स…आगरा में खेली गई तलवलकर प्रीमियर क्रिकेट लीग के फाइनल में ‘लगान’ की शानदार जीत. अर्जुन मैन आफ द मैच तो मीत बने मैन आफ द सीरीज
आगरा कैंट रेलवे स्टेशन स्थित गोवर्धन क्रिकेट स्टेडियम में तलवलकर प्रीमियर क्रिकेट लीग रविवार को संपन्न हुई। तलवलकर फिटनेस क्लब की ओर से आयोजित दो दिवसीय क्रिकेट लीग का फाइनल मुकाबला तलवलकर ब्लास्टर्स और तलवलकर लगान की टीमों के मध्य खेला गया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी ब्लास्टर्स टीम ने 22 ओवर में 182 रन बनाए। टीम की ओर से हीरेन ने 38 और चेतन ने 33 रन बनाए। लगान की ओर से गेंदबाजी करते हुए सचिन ने 2 विकेट लिए। वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरी तलवलकर लगान ने 16 ओवर में ही जीत हासिल कर ली।
लगान की ओर से अर्जुन ने सर्वाधिक 82, अनुज ने 52 और सुमित चौधरी ने 38 रन बनाए। ब्लास्टर्स की ओर से गेंदबाजी करते हुए मीत सिंह ने 4 विकेट लिए। मैन ऑफ द मैच अर्जुन और मैन ऑफ द सीरीज मीत सिंह रहे।
क्लब के निदेशक मनोज कुमार यादव ने बताया कि फिट रहने के लिए युवाओं को खेलों से जुड़ना होगा। निर्णायको की भूमिका अतुल सोलंकी और बाबुल ने निभाई। कमेंट्री नरेंद्र शर्मा ने की। विशिष्ट अतिथि जयवीर चौहान और डॉ वीपी सिंह ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की।