आगरालीक्स…आगरा से सटे टूंडला में बेटे न नशे में मां की पीट-पीट कर की हत्या. बचाने आया पिता तो उसे भी कर दिया लहूलुहान…
आगरा से सटे टूंडला में एक बेटा अपनी ही मां का कातिल बन गया. नशे की हालत में बेटे ने अपनी मां की डंडे से पीट-पीट कर हत्या कर दी. बचाने आए पिता को भी हमला कर लहूलुहान कर दिया. मौके पर लोगों की भीड़ जुटी तो आरोपी वहां से भाग निकला. सूचना पर पुलिस पहुंच गई, आरोपी की तलाश की जा रही है.
यहां की है घटना
घटना टूंडला के मोहम्मदाबाद की है. यहां रहने वाले अजय पाल का बेटा राकेश नशे का आदी है. रोज की तरह आज भी वह सुबह नशे की हालत में घर आया. इस दौरान उसका किसी बात को लेकर मां सुशीला देवी से विवाद हो गया. इस पर गुस्साए राकेश ने लाठी-डंडे से अपनी मां को पीटना शुरू कर दिया. मां चिल्लाती रही और बेटा उसे बुरी तरह से पीटता रहा. वह अपनी मां को तब तक पीटता रहा जब तक उसकी जान नहीं चली गई. इस दौरान बचाने आये पिता को भी मारकर घायल कर दिया.
शोर शराबा सुनकर भीड़ जुट गई. इसके बाद आरोपी वहां से भाग निकला. घटना की जानकारी पर पुलिस पहुंच गई. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. थाना प्रभारी का कहना है कि पिता की तहरीर के आधार पर आरोपी बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस आरोपी बेटे की तलाश कर रही है.