आगरालीक्स …Agra News: आगरा के तीन युवक पार्वती नदी में गाड़ी के साथ बहे, लाइव वीडियो आया सामने, टापू पर फंसे एक युवक को बचाने में जुटी एनडीआरएफ की टीम। ( Agra News: Three youth drown in Parvati river with loading Vehicle, Live Video#Agra)
आगरा राजस्थान बार्डर पर पार्वती नदी है, इसी से लेकर राजस्थान की सीमा में मनिया तक जाते हैं। पिछले कुछ दिनों से चंबल और पार्वती नदी उफान पर है। शुक्रवार को ताजगंज की गौबर चोकी के रहने वाले रवि, राकेश सहित तीन लोग और उनके साथ बमरौली कटारा का रहने वाला मुकेश कैंटर गाड़ी से मनिया जा रहे थे। कैंटर से ताजगंज से सैंया पहुंचा।
तेज बहाव में गाड़ी सहित बह गए तीन युवक
सैंया और मनिया के बीच में पार्वती नदी पर रपट बनी हुई है, इसी से वाहनों का आवागमन होता है। पार्वती नदी में उफान के चलते रपट पूरी पानी में डूब गई है और सुबह के समय बहाव भी अधिक था। चारों युवक रपट से होकर मनिया के लिए कैंटर गाड़ी से जाने लगे, स्थानीय लोगों ने उन्हें पानी का तेज बहाव होने के कारण रपट से होकर जाने से रोका। इसके बाद मुकेश कैंटर से उतर गया लेकिन रवि, राकेश और उनके साथी नहीं माने और रपट से होकर कैंटर से जाने लगे। आधे रास्ते पर पहुंचने के बाद तेज बहाव के चलते कैंटर गाड़ी रपट से नीचे पार्वती नदी की तरफ चली गई और तेज बहाव में गाड़ी सहित तीनों युवक डूबने लगे।
कुछ ही सेकेंड में डूब गए युवक, वीडियो आया सामने
इसका एक लाइव वीडियो भी सामने आ रहा है, कुछ सेकेंड के वीडियो में कैंटर गाड़ी सहित युवक डूबते हुए दिखाई दे रहे हैं। कैंटर में पीछे दो युवक दिखाई दे रहे हैं और कुछ देर में ही कैंटर पानी में डूब गए। स्थानीय लोगों ने शोर मचा दिया, कुछ दूरी पर एक टापू पर एक युवक दिखाई दिया है यह माना जा रहा है कि कैंटर टापू से टकरा गया और उसमें से एक युवक बच गया है। एनडीआरएफ की टीम बचाव कार्य में जुटी हुई है।