आगरालीक्स…आगरा में एक ही दिन में तापमान 13 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया. तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी ने किया मौसम सुहाना…जानिए अभी गर्मी से राहत रहेगी या फिर तपिश फिर करेगी परेशान
आगरा में करीब ढाई महीने से गर्मी झेल रहे लोगों को सोमवार को आखिरकार राहत मिली. गर्मी की तपिश से परेशान लोगों के लिए सोमवार सुबह छाए बादल राहत लेकर आए. बादलों के साथ तेज हवाओं ने मौसम को अचानक ठंडा कर दिया. कई जगह तेज आंधी भी हुई जिसके कारण पेड़ व बिजली के खंभे तक गिरने की जानकारी मिली. सुबह से मौसम ऐसा सुहाना हुआ कि लोगों के चेहरे पर मुस्कान छा गई. बदले मौसम का असर तापमान पर भी दिखा जो कि एक ही दिन में 13 डिग्री सेल्सियस तक नीचे पहुंच गया.

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 13 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा तो वहीं न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और ये भी सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस रहा. बता दें कि आगरा में अभी तक लोग लगातार 40 डिग्री सेल्सियस की गर्मी को बर्दाश्त कर रहे थे. बीच में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस को भी क्रॉस कर गया.
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को भी भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है. हालांकि इसके बाद फिर से तापमान बढ़ने की संभावना है. बीच—बीच में बादल भी छाए रहेंगे.