आगरालीक्स…आगरा के एमजी रोड पर मेट्रो कार्य के कारण यातायात बाधित बना एक बड़ी समस्या. स्कूलों की छुट्टी के समय लगता है जाम, कई चौराहों पर खराब ट्रैफिक सिग्नल भी. व्यापारियों ने यातयात पुलिस उपायुक्त को बताई समस्याएं
पुलिस आयुक्त अपर पुलिस आयुक्त के निर्देशन में पुलिस लाइन स्थित प्रशांत मेमोरियल हॉल में पुलिस उपायुक्त यातायात अभिषेक कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में यातायात निरीक्षकों सहित आगरा के प्रमुख व्यापारी संगठनों ने सहभागिता की। इस गोष्ठी मे टीआई लाइन संजीव कुमार गौतम और टीआई प्रणीत शुक्ला उपस्थित रहे। व्यापार संगठन की ओर से अध्यक्ष इंडस्ट्रीज एसोसिएशन आगरा प्रदीप वासन, अध्यक्ष जोगीपाडा बाजार एसोसिएशन ब्रह्मचंद गोस्वामी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मीडिया प्रभारी जय पुरसनानी, महामंत्री संगठन आगरा व्यापार मंडल राकेश कुमार, एडमिनिस्ट्रेटर वेडिंग इण्डस्ट्रीज एसोसिएशन आगरा अनिल सविता, अध्यक्ष शू फेडरेशन आगरा विजय शामा, सचिव फैक्ट्री ऑनर्स एसोसिएशन संजय वर्मा उपस्थित रहे।व्यापारी संगठनों ने आगरा की यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि बोदला चौराहे से थाना जगदीशपुरा मार्ग, भगवान टॉकीज चौराहा से महात्मा गांधी रोड और रामबाग से नुनिहाई लिंक रोड, रूई की मण्डी चौराहा से बारहखम्भा फाटक, टेढी बगिया चौराहा से 100 फुटा जाने वाले मार्ग पर अवैध अतिक्रमण को हटाया जाना चाहिए। पुलिस उपायुक्त यातायात के द्वारा संबंधित टीआई लाइन संजीव कुमार गौतम को संबंधित विभाग नगर निगम के साथ समन्वय स्थापित कर विधिक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया।
व्यापारिक संगठनों द्वारा सुझाव दिया गया कि एम जी रोड पर चल रहे मेट्रो कार्य के कारण यातायात बाधित होना एक बड़ी समस्या है। ऐसे में मेट्रो के ट्रैफिक वायलेंटियर्स की संख्या और बढ़ायी जाये जिससे यातायात संचालन में सुधार लाया जा सकता है। पुलिस उपायुक्त यातायात के द्वारा टीआई लाइन को मेट्रो विभाग से समन्वय स्थापित करते हुये समस्या का समुचित निदान करने हेतु निर्देशित किया गया। व्यापारी संगठनों के द्वारा बताया गया कि एम जी रोड पर स्थित स्कूलों की छुट्टी के समय होने वाली जाम की समस्या को आगरा यातायात पुलिस और स्थानीय थाना पुलिस ने सफलतापूर्वक दूर कर दिया है और इससे स्कूली बच्चों और स्थानीय लोगों को बहुत राहत मिली।
आगरा शहर में ट्रैफिक सिग्नल खराब होने की समस्या व्यापारी संगठनों द्वारा उठाई गई है। शहर के कई चौराहों जैसे रुई की मंडी, भोगीपुरा, स्पीड कलर लैब, रामबाग चौराहा सहित अन्य चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल खराब होने से यातायात प्रभावित हो रहा है। पुलिस उपायुक्त यातायात के द्वारा टीआई लाइन को नगर निगम से समन्वय स्थापित करते हुये समस्या का समुचित निदान हेतु निर्देशित किया गया।व्यापारिक संगठनों द्वारा सुझाव दिया गया कि आगरा के फतेहाबाद रोड और महात्मा गांधी रोड पर पार्किंग की व्यवस्था न होने से वाहन स्वामी सड़क पर ही अपने वाहन खड़े कर देते हैं जिससे जाम की समस्या बन जाती है। व्यापारियों के द्वारा सुझाव दिया गया कि फतेहाबाद रोड पर होटल रेडिसन के पीछे पडी खाली एडीए की जमीन पर पार्किंग की व्यवस्था की जा सकती है एवं महात्मा गांधी रोड के वाहनों के लिये संजय प्लेस पर वाहन पार्किंग की व्यवस्था की जा सकती है। पुलिस उपायुक्त यातयात के द्वारा टीआई लाइन को एडीए एवं नगर निगम से समन्वय स्थापित करते हुये समस्याओं का समुचित निस्तारण हेतु निर्देशित किया गया।