आगरालीक्स…आगरा में शिक्षकों की समस्याओं पर यूटा ने की चर्चा. वेतन का भुगतान न होने सहित इन समस्याओं को लेकर जताई नाराजगी
यूनाइटेड टीचर्स एसोसिएशन यूटा की खेरागढ़ इकाई की एक बैठक शिक्षक रामकुमार शर्मा की अध्यक्षता में ब्लॉक संसाधन केंद्र खेरागढ़ पर हुई। बैठक में परिषदीय शिक्षक/ शिक्षिकाओं की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा हुई। माह जनवरी के वेतन के अभी तक भुगतान न होने, अंत:जनपदी स्थानांतरण में स्थानांतरित हुए शिक्षकों की मानव संपदा आईडी अभी तक स्थानांतरित ना होने, बड़ी संख्या में लंबित एरियरों के अभी तक भुगतान न होने, विद्यालयों में वितरित होने वाली टैबलेटों के लिए विभाग द्वारा सीयूजी सिम उपलब्ध न कराने, नेटवर्क अथवा तकनीकी समस्या होने पर ऑनलाइन अवकाश न डल पाने की स्थिति में निरीक्षण के समय संबंधित शिक्षक को अनुपस्थित मान लेने, बेसिक शिक्षा विभाग में लगातार हो रहे अव्यावहारिक प्रयोगों, शिक्षकों की ड्यूटी गैर शैक्षणिक कार्यो में लगाने आदि को लेकर शिक्षकों ने नाराजगी प्रकट की।
बैठक के बाद ब्लॉक अध्यक्ष सुशील शर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में शिक्षकों ने एकत्रित होकर समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी महोदय आगरा के नाम एक ज्ञापन खंड शिक्षा अधिकारी खेरागढ़ कृष्ण गोपाल तिवारी को दिया। बैठक में मुख्य रूप से जिला उपाध्यक्ष धर्मेंद्र चाहर, ब्लॉक मंत्री राजीव रावत, ब्लॉक कोषाध्यक्ष नरेंद्र सिकरवार, नवल किशोर शर्मा, सुनील कुमार, राजकुमार शर्मा,देवेश तिवारी, अब्दुल रहमान,लेखराज कुशवाह, दुर्गेश वर्मा,सुमित निगम, ओमवीर सिंह,धर्मवीर सिंह, हेमेन्द्र लवानियां, आमिल हुसैन,श्रीनिवास परमार,पूजा चौधरी, प्रितिका,नीलम शर्मा, हेमलता कश्यप, कुसुम मित्तल,निर्मला राठौर, हिमानी,अर्चना बंसल, शिखा,सहादत हुसैन, मनोज शर्मा आदि उपस्थित रहे।