आगरालीक्स …Agra News: आगरा कैंट स्टेशन से किडनैप किए गए चार साल के आर्यन को पुलिस ने बरामद किया। दंपती अरेस्ट, 14 टीमें लगीं, 200 से अधिक सीसीटीवी की जांच। ( Agra News Video: 4 year old Aaryan Kidnapped from Agra Cantt found from Gwalior Couple#Agra)
आगरा कैंट स्टेशन पर सोना देवी अपने पति रमेश और चार साल के बेटे आर्यन के साथ रहते हैं, स्टेशन पर ही लोगों से मांग कर खाते हैं। शनिवार को सोना देवी अपने चार साल के बेटे के साथ आगरा कैंट स्टेशन के प्लेटफार्म पर पहुंची, बेटे को प्लेटफार्म पर छोड़कर नहाने चली गई। वापस आई तो आर्यन वहां नहीं था, कैंट स्टेशन पर हर जगह देखा लेकिन आर्यन का पता नहीं चला।
सीसीटीवी में युवक आर्यन को ले जाते दिखाई दिया
सोना देवी अपने बेटे की तलाश में जुटी थी, जीआरपी को पता चला। इसके बाद आगरा कैंट स्टेशन के सीसीटीवी चेक किए गए। सीसीटीवी में आर्यन को ले जाते हुए एक युवक दिखाई दिया इसके बाद और सीसीटीवी चेक किए गए तो वह युवक आर्यन को ग्वालियर की तरफ जा रही ट्रेन में लेकर जाते हुए दिखाई दिया।
200 सीसीटीवी की जांच की, ग्वालियर में मिला आर्यन
एसपी जीआरपी अभिषेक वर्मा के अनुसार, आर्यन की तलाश के लिए 14 टीमें लगाई गईं। ग्वालियर के सीसीटीवी चेक किए गए, वहां भी युवक आर्यन को लेकर एक महिला को देते हुए दिखाई दिया। कड़ी से कड़ी जौड़ते हुए टीम ग्वालियर के गांव किठौरा के रहने वाले कोमल सिंह के घर पहुंच गई, कोमल सिंह और उसकी पत्नी रानी से आर्यन को बरामद कर लिया। सोमवार रात को टीम आर्यन को लेकर आगरा कैंट स्टेशन पहुंची, कोमल और रानी को अरेस्ट कर लिया है। पूछताछ में कोमल ने बताया कि उसके तीन बेटी हैं, वह आगरा काम करने आता है। प्लेटफार्म पर आर्यन को अकेला देखा उसे अपने साथ ले गया।