आगरालीक्स..आगरा में स्कूल वैन को फर्जी इंस्पेक्टर ने रोका, चेकिंग के बहाने यूकेजी के छात्र को वैन से उठा लिया और अपनी गाड़ी में बिठाकर ले गए, लोगों ने फर्जी इंस्पेक्टर को दबोच लिया, उससे पूछताछ के बाद पुलिस ने छात्र को बरामद कर लिया है।
आगरा के पिढ़ौरा थाने के गांव गढ़ी रामचंद्र सैनी निवासी विनीता सिकरवार का बेटा रिदान पुत्र सौरभ शांति निकेतन स्कूल, गोपालपुरा में यूकेजी में पढ़ता है। शुक्रवार सुबह वैन से रिदान स्कूल जा रहा था। रास्ते में इंस्पेक्टर की बर्दी पहनकर अपने साथियों के साथ पहुंचे युवक ने वैन को चेकिंग के बहाने रुकवाया। वैन के रुकते ही रिदान को वैन से नीचे खींचने लगे, उसे वैन से उतार कर कार में बिठा लिया। यह देख बच्चों और वैन चालक ने शोर मचा दिया।
लोगों ने फर्जी इंस्पेक्टर को दबोचा
वैन से बच्चे को जबरन ले जाने पर लोग जुट गए, उन्होंने इंस्पेक्टर की बर्दी पहनकर खड़े युवक को दबोच लिया, उसके साथी रिदान को कार में बिठाकर ले गए। इंस्पेक्टर बने युवक से सख्ती से पूछताछ की, उसने बताया कि वह किसी थाने में तैनात नहीं है अपने दोस्त की मदद के लिए आया था।
पिता ने बेटे को साथ ले जाने के लिए की प्लानिंग
जांच में सामने आया है कि सौरभ निवासी सिंकदरा की शादी विनीता सिकरवार निवासी पिढ़ौरा से आठ वर्ष पहले हुई थी। दोनों के बीच परिवार न्यायालय में मामला चल रहा है। सौरभ का बेटा रिदान सात साल का है और मां विनीता के साथ रहता है। सौरभ बेटे को अपने साथ ले जाना चाहता था, उसने अपने दोस्त के साथ बेटे रिदान को ले जाने की साजिश रची, पुलिस ने रिदान को बरामद कर लिया है और सौरभ और उसके दोस्त को हिरासत में ले लिया है।