आगरालीक्स….ट्रैक से होकर रेलवे लाइन क्रॉस कर रही थी महिला, तभी अचानक आ गई ट्रेन…चीफ स्टाफ समय पर न पहुंचते तो हो सकती थी दुर्घटना. देखें वीडियो
लापरवाही जानलेवा हो सकती है, दुर्घटना से देर भली…ट्रैक से होकर रेलवे लाइन क्रॉस न करें जैसे स्लोगन आपको रेलवे प्लेटफार्म और स्टेशनों पर आपको खूब देखने को मिल सकते हैं लेकिन कई लोग ऐसे होते हैं जो कि अपनी जान की परवाह नहीं करते और दुर्घटना को निमंत्रण देते हैं. ताजा मामला शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन का है. यहां एक बुजुर्ग महिला ट्रैक से एक प्लेटफार्म से होकर दूसरे प्लेटफार्म के लिए रेलवे लाइन क्रॉस करती है, लेकिन वो प्लेटफार्म पर नहीं चढ़ पाती. तभी वहां से फुल स्पीड में एक ट्रेन आ रही होती है लेकिन चीफ स्टाफ रामस्वरूप मीना तुरंत उस महिला को बचाने के लिए वहां पहुंचते हैं और महिला को प्लेटफार्म पर जैसे ही चढ़ाते हैं, वैसे ही फुल स्पीड से ट्रेन वहां से होकर निकलती है. बड़ी बात ये है कि इसके बावजूद महिला प्लेटफार्म के किनारे खड़ी अपनी पानी की बोतल लेने के लिए ट्रेन के बिल्कुल नजदीक फिर से पहुंच जाती है.
उत्तर मध्य रेलवे ने इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो अपने ट्वीटर एकाउंट पर शेयर किया जिसमें उन्होंने लिखा है कि आज शिकोहाबाद स्टेशन पर एक महिला यात्री की, जो अवैधानिक रूप से लाइन पार कर रही थीं, श्री रामस्वरूप मीना, चीफ स्टाफ वेलफेयर इंस्पेक्टर टूण्डला द्वारा जीवन रक्षा की गई. यात्रीगण से पुनःअनुरोध है कि इस प्रकार ट्रैक क्रॉस कर अपनी जान खतरे में न डालें. यह एक दंडनीय अपराध है.