आगरालीक्स…आगरा में बच्चे ने गेम खेलते—खेलते पापा के 2.5 लाख रुपये कर दिए आनलाइन ट्रांसफर. पिता के उड़ गए होश
आगरा में एक बच्चे ने गेम खेलते खेलते अपने पापा के 2.5 लाख रुपये आनलाइन ट्रांसफर कर दिए. बच्चे ने गेम खेलने के दौरान रिवार्ड प्वाइंट हासिल करने के लिए एकाउंट की जानकारी शेयर कर दी थी. पिता ने 2.5 लाख रुपये ट्रांसफर होने की शिकायत पहले बैंक और बाद में साइबर सेल में की. यहां जब हकीकत सामने आई तो पिता के भी होश उड़ गए.
सिकंदरा में रहने वाले एक व्यक्ति् ने साइबर सेल में यह शिकायत की है. उन्होंने बताया कि उसके खाते से 2.5 लाख रुपये कट गए हैं. न कोई ओटीपी और न कोई खाते की जानकारी किसी भी व्यक्ति से शेयर की थी. बैंक से जानकारी लेने पर पता नहीं चला तो साइबर सेल में जाकर शिकायत की. पुलिस ने जब खाते का रिकॉर्ड जांचा तो रकम आनलाइन गेम खिलानी वाली कंपनी के खाते में ट्रांसफर होना सामने आया.
साइबर सेल के अनुसार बच्चे ने आनलाइन गेम खेलने के दौरान रिवार्ड प्वाइंट लेने के लिए पिता के खाते की जानकारी शेयर कर दी थी. जब भी उसे रिवार्ड प्वाइंट लेने होते थे तब ओके करना होता था.
डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने बताया कि बच्चे मोबाइल पर गेम खेल रहे हैं तो अभिभावकों को ध्यान देने की जरूरत है. उन्हें आनलाइन गेम से दूर रखें. बच्चों को खाते से संबंधित जानकारी नहीं बतानी चाहिए. डेबिट और क्रेडिट कार्ड भी नहीं देना चाहिए. जिस मोबाइल में बच्चे गेम खेल रहे हैं, उस मोबाइल से बैंक खाता जुड़ा न हो.