आगरालीक्स…आगरा में खाना बनाते समय गैस सिलेंडर से लगी आग. कमरे में फंसी महिला आई आग की चपेट में….
आगरा में आज एक घर में खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में आग लग गई. आग की चपेट में आकर एक महिला कमरे में फंस गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत दरवाजा तोड़कर महिला को बाहर निकाला. झुलसी महिला को अस्पताल में भर्ती करायाग या है. महिला 30 प्रतिशत तक जल गई है और उसकी हालत गंभीर है.

ये है मामला
मामला थाना एत्माद्दौला के प्रकाश नगर का है. यहां पप्पू नाम के एक व्यक्ति ने 15 दिन पहले ही एक कमराकिराए पर लिया था. कमरे में वह और उसकी पत्नी रहते हैं. गुरूवार सुबह पप्पू काम पर चला गया जबकि पत्नी केसर देवी घर में अकेली थी. शाम चार बजे केसर देवी कमरे का दरवाजा अंदर से बंद करके गैस चूल्हे पर खाना बना रही थी. अचानक सिलेंडर में लीकेज से आग लग गई. जरा सी ही देर में आग पूरे कमरे में फैल गई. इस पर महिला चीख पुकार करने लगी. आसपास के लोगों ने खिड़की से झांककर देखा तो आग लगी हुई थी और महिला उसमें घिरी हुई थी. किसी तरह लोगों ने दरवाजा तोड़कर महिला को बाहर निकाला. महिला आग से झुलस चुकी थी. महिला को एक अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है. पुलिस ने घटना की सूचना उसके पति को दे दी है.