आगरालीक्स…आगरा में विश्व योग दिवस के लिए आज से एक महीने के लिए योग एवं आयुर्वेदिक शिविर का शुभारंभ हुआ है. स्टूडेंट्स से भाग लेने को कहा….
डॉ भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा के छलेसर परिसर स्थित शारीरिक शिक्षा एवं खेलकूद विभाग द्वारा आज रविवार को योग एवं आयुर्वेदिक परामर्श केंद्र का उद्घाटन मुख्य अतिथि कुलपति प्रो आशु रानी द्वारा किया गया। विश्विद्यालय कुलसचिव डॉ विनोद कुमार सिंह और मुख्य वक्ता डॉ अतुल उपाध्याय आर.बी.आयुर्वेदिक मेडिकल हॉस्पिटल आगरा से रहे।
कुलपति ने छात्रों को आयुर्वेदिक एवं योग क्रियाओं को जीवन में सुनिश्चित कर सही रास्ते पर चलने के लिये कहा। उन्होंने छात्रों को अभ्यास, कर्म और उनके अच्छे परिणाम के आपसी संबंध की महत्ता के बारे में समझाया और कहा की हमें अपने संकल्प पर चलते हुए वातावरण में संचालित कुरीतियों से हमेशा बचना है। कुलपति महोदया ने 1 महीने के इस योग एवं आयुर्वेदिक परामर्श शिविर में सभी बच्चों से ज्यादा से ज्यादा प्रतिभाग करने की अपील की। विश्विद्यालय कुलसचिव डॉ विनोद कुमार सिंह ने कहा की हम आज के इस भौतिकतावादी युग में स्वास्थ्य के विषय में जल्द परिणाम की अपेक्षा करते हैं। जबकि योग एवं आयुर्वेदिक पद्धतियों को अपनी जीवनशैली में अपनाने से जो स्वस्थ शरीर बनता है वह हमेशा स्थिर भी रहता है। उन्होंने छात्रों को खानपान, पढाई और व्यायाम के सदाचरण की शिक्षा दी और छात्रों को उनके आस पास के लोगो को सदैव प्रेरित करने के लिये कहा।

मुख्य वक्ता डॉ अतुल उपाध्याय ने योग एवं आयुर्वेदिक पद्धतियों पर सभी छात्र छात्राओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा की आयुर्वेदिक और यौगिक जीवनशैली सिर्फ बीमारी का उपचार ही नही करती, बल्कि यह वो “आर्ट ऑफ लिविंग” है जो बीमारी को जड़ से खत्म करती है। विश्वविद्यालय के खेल विभाग निदेशक डॉ अखिलेश चंद्र सक्सेना ने बताया की आज छलेसर परिसर के शारीरिक शिक्षा एवं खेलकूद विभाग में योग एवं आयुर्वेदिक शिविर का आयोजन किया गया जो कि 1 माह तक संचालित होगा। जिसके साथ पालीवाल पार्क परिसर, संस्कृति भवन और खंदारी परिसर में योग से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। गत वर्षों में विश्वविद्यालय द्वारा 5 गांव गोद लिए गए हैं जिनके आंगनबाड़ी केंद्रों पर योग एवं आयुर्वेदिक परामर्श शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ विश्वविद्यालय से संबंधित शारीरिक शिक्षण महाविद्यालयों में योग शिविर लगाए जाएंगे और लोगों को जागरूक किया जाएगा जिसमें विभिन्न खेल संघ सामाजिक संस्थाएं आदि में यह शिविर महीने भर संचालित रहेंगे।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो मोहम्मद अरशद, अनूप केसरवानी, डॉ मनोज कुमार सिंह, डॉ बृजेश कुमार तिवारी उपस्थित रहे। शारीरिक शिक्षा एवं खेलकूद विभाग के शिक्षक डॉ सिंधुजा चौहान, उरदेव सिंह तोमर, डॉ गिरीश दिवाकर, डॉ महेश फौजदार, रवि शंकर वर्मा, नीरज जौहरी, रवि कुमार और फार्मेसी विभाग के डॉ रवि शेखर शर्मा, डॉ प्रतिभा मिश्रा, डॉ ज्ञानेंद्र सिंह, डॉ स्वेतलाना, अरिंजय जैन। बीपीएड और फार्मेसी के सभी छात्र छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक डॉ जयदीप शर्मा एवं छात्रा सौम्या मिश्रा ने किया और विशेष सहयोग छात्र योगेश यादव ने किया । साथ ही धन्यवाद ज्ञापन छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो मोहम्मद अरशद ने किया।