आगरालीक्स…आगरा में वीआईपी रोड पर ऑडी की छत पर बैठकर स्टंट. रील्स बना रहे युवक का वीडियो वायरल…देखें वीडियो
सोशल मीडिया पर रील्स और पोस्ट डालने के लिए युवा जान जोखिम में डालने के लिए भी तैयार रहते हैं. छोटे—छोटे बच्चे रील्स बना रहे हैं, ताकि उन्हें लाइक्स और कमेंट्स मिल सकें. आगरा से ही कुछ ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वीआईपी रोड पर एक युवक आडी की छत पर बैठकर स्टंट करते हुए वीडियो बना रहा है. पीछे चल रहे कुछ लोगों ने इसका वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर डाल दिया जो कि अब देखते ही देखते वायरल हो गया है और पुलिस तक पहुंच गया है. पुलिस वायरल वीडियो में सवार युवकों के बारे में पता कर रही है.
ये है पूरा मामला
वायरल वीडियो रविवार रात करीब सवा नौ बजे के आसपास का है. यह वीडियो अमर होटल के पास का बताया गया है, जिसमें एक युवक आडी कार की छत पर बैठकर स्टंट करते हुए वीडियो बना रहा है. वीडियो में दिखाई दे रहा है कि युवक कार के ऊपर बैठकर रील बना रहा है. पीछे चल रहे राहगीरों ने रील बना हरे युवक का वीडियो बना लिया जिसके बाद यह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है.
ये भी जानकारी मिली है कि जिस रास्ते पर यह वीडियो बनाया गया है उस रास्ते से करीब 10 मिनट पहले ही महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे का काफिला निकला था. इसके चलते वीआईपी रोड पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था भी की गई थी. पुलिस का कहना है कि वीडियो के बारे में जानकारी की जा रही है. आरोपी की पहचान कर जल्द ही कार्रवाई की जाएगी.