आगरालीक्स……. आगरा के कारोबारी की बेटी युवा महिला डॉक्टर को 24 घंटे में ढूंढ लिया, महिला डॉक्टर कार से बिहार पहुंच गईं, हाईटेक टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया, जानें पुलिस का आपरेशन महिला डाक्टर।

आगरा के शाहगंज की सीओडी कॉलोनी निवासी कारोबारी रामजीलाल की 30 साल की बेटी डॉ. कनिका भदकारिया स्त्री रोग विशेषज्ञ हैं। वे शुक्रवार शाम को अपनी बोलेनो कार से घर से निकली थी, मथुरा से उन्होंने किसी दूसरे व्यक्ति के मोबाइल से फोन किया, बताया कि उनके मोबाइल की बैटरी खत्म हो गई है। इसके बाद उनका फोन स्विच आफ हो गया। उनकी बहन डॉ. त्रिशला ने थाना शाहगंज में गुमशुदगी दर्ज कराई। महिला डॉक्टर के लापता होने का मामला सामने आने के बाद पुलिस आयुक्त डॉ. प्रीतिंदर सिंह ने कई टीमें लगाईं।
पुलिस आपरेशन महिला डॉक्टर
डॉ. कनिका की तलाश में जुटी पुलिस ने सबसे पहले जिस नंबर से मथुरा से फोन किया था उस नंबर पर कॉल किया। उसने बताया कि वह हॉस्पिटल के बाहर खड़ा हुआ था एक पढ़ी लिखी युवती ने कहा कि उनका मोबाइल बंद हो गया है, घर पर फोन करना है इसलिए उन्हें फोन दे दिया। इसके बाद पुलिस ने टोल प्लाजा पर सीसीटीवी चेक कराए। यहां से उनकी गाड़ी निकली थी, उन्होंने फास्ट टैक को ट्रेक करना शुरू किया। महिला डॉक्टर की गाड़ी कानपुर होकर निकली और फास्ट टैक से पता चल गया, एक टीम को कानपुर भेज दिया गया।
बिहार के मोहनिया टोल पर रुकवा ली कार
पुलिस ने गूगल मैप की मदद ली, इससे पता चला कि डॉ. कनिका जिस रास्ते से जा रही हैं उस पर कौन कौन से टोल पड़ेंगे। उन्होंने सभी टोल पर सूचना दे दी। शुक्रवार शाम को डॉ. कनिका की कार बिहार के कैमूर में मोहनिया टोल पर पहुंची, यहां टोल कर्मियों ने कार रुकवा ली। डॉ. कनिका को 24 घंटे में सकुशल बरामद कर लिया।
ये है मामला
कारोबारी रामजीलाल के तीन बेटी और दो बेटे हैं, इसमें से तीन बेटी और एक बेटा डॉक्टर हैं। एक बेटे से उनका विवाद चल रहा है। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि कारोबारी ने बेटे को बेदखल कर दिया है, वह आए दिन घर पर आकर अभद्रता करता है, इससे डा. कनिका परेशान थी, वे पूर्व में वनारस के एक आश्रम में रह चुकी हैं। इसलिए पुलिस ने हर जगह उनकी तलाश की। डा. कनिका ने एमबीबीएस करने के बाद एमएस प्रयागराज से की, वहां भी पुलिस तलाश में जुटी थी।