आगरालीक्स आगरा के कारोबारी एससीएसटी एक्ट से खौफजदा हैं, उनका कहना है कि कोई भी कारीगर रखते समय उसका रजिस्ट्रेशन व पुलिस वेरीफिकेशन अवश्य कराएं।
सोमवार को पंचकुईयां शाहगंज रोड स्थित खंडेलवाल भवन में आगरा सर्राफा एसोसिएशन द्वारा विभिन्न संगठने के साथ एक आम सभा का आयोजन किया गया। जिसमें व्यपारियों से सम्बंधित समस्याओं व उनके निवारण पर चर्चा हुई। कार्यक्रम का शुभारम्भ प्रथम पूज्य गणेश जी की प्रतिमा के समक्ष दीप जलाकर किया गया।
नितेश अग्रवाल ने कहा कि सभी व्यापारी बस एक ही वाक्य में समझ लें कि एससीएसटी एक्ट के दौर में अब जरा सम्भल कर रहें। कहा कि कोई भी कारीगर रखते समय उसका रजिस्ट्रेशन व पुलिस वेरीफिकेशन अवश्य कराएं। बैठक में एसोसिएशन के महामंत्री अशोक अग्रवाल द्वारा नमक की मंडी में ट्राफिक, पार्किंग व लूट की घटनाओं पर चिन्ता व्यक्त की। कहा कि पार्किंग की उचित व्यवस्था न होने व हमेशा जाम की स्थिति रहने से लूट व चोरी की घटनाएं अधिक होती हैं। इसके लिए जिला प्रशासन से मिलकर पार्किंग व ट्रैफिक की समस्या के निवारण के लिए प्रयास करने होंगे। बैठक में व्यवसायियों के लिए सोमवार के साथ पर रविवार की साप्ताहिक छुट्टी होने का प्रस्ताव भी रखा गया। जिसके लिए आम सहमति होने पर श्रम विभाग के पदाधिकारियों से मिला जाएगा। एसोसिएशन के संरक्षक मुरारीलाल फतेहपुरिया ने विभिन्न एसोसिएशन के सम्मलित रूप से बैठक के आयोजन के प्रयास की सराहना की। संचालन कुलभूषण गुप्ता (राम भाई) ने किया। इस अवसर पर मुख्य रूप से सुधीर गुप्ता, आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल, राकेश मोहन, प्यारेलाल खंडेलवाल, संजय कुमार वर्मा, मयंक अग्रवाल, विमल नयन अग्रवाल, मनीष पारौलिया, राजू मेहरा, नीरज जैन, मनोज गुप्ता, अशोक अम्बा, मुन्नालाल शिवहरे, संजय वर्मा, उत्तम कुमार वर्मा, अनिल नागवानी, सुनील वर्मा आदि उपस्थित थे।
इन संगठनों ने लिया भाग
-आगरा सर्राफा एसोसिएशन, श्री सर्राफा कमेटी, आगरा सर्राफा मैन्यूफेक्चरिंग एसोसिएशन, आगरा सर्राफा स्वर्णकार समिति नमक की मंडी, कश्मीरी बाजार व्यवसाय संगठन, किनारी बाजार व्यवसाय समिति आदि।