आगरालीक्स …आगरा में आज सीजन का सबसे गर्म दिन रहा, आगरा से आग बरसी और तापमान 45 डिग्री पहुंच गया, यह सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। मौसम विभाग ने रविवार और सोमवार को भी 50 से 70 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से अंधड़ की आशंका जताई गई है।
शनिवार इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा, सुबह से ही तेज धूप में लोग बेहाल रहे। लू चलती रही, आंखों में चुभन से लोग परेशान रहे। आगरा का अधिकतम तापमान 45 डिग्री पहुंच गया, यह समान्य से तीन डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे रात को भी गर्म हवाएं चलती रहीं। मौसम विभाग ने रविवार और सोमवार को फिर तूफान का खतरा जताया है। विभाग ने एलर्ट जारी किया है।
प्रदेश में दूसरे नंबर पर रहा आगरा
उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्म झांसी रहा, झांसी में पारा 45.4 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, आगरा दूसरे नंबर पर रहा, यहां तापमान 45 डिग्री दर्ज किया गया है।
फाइल फोटो
13 और 14 को तूफान का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार उप्र व राजस्थान बॉर्डर और जम्मू-कश्मीर व पाकिस्तान बॉर्डर पर कम वायुदाब क्षेत्र तेजी से विकसित हो रहा है। इसके ताकतवर होने से रविवार व सोमवार को यहां तूफान आ सकता है। यह शाम या रात को ही आएगा। इस माह आंधी आने का सिलसिला चलता रहेगा।
तूफान और आंधी से 80 मौत
आगरा में 11 अप्रैल को तूफान में 21 लोगों की मौत हो गई थी, इसके बाद दो मई को आए तूफान में 50 से ज्यादा मौत हो गई। यह सिलसिला अभी थमा नहीं है, इस माह आंधी आने का सिलसिला चलता रहेगा। नौ मई को आई आंधी में पांच लोगों की मौत हो चुकी है। इससे आगरा में लोग दहशत में हैं, उन्हें तूफान और आंधी का डर सताने लगा है।
यूपी के शहरों का तापमान
1, झांसी, 45.4
2, आगरा, 45.0
आगरा में इस तरह चढा पारा
सोमवार, 41.4
मंगलवार, 37.6
बुधवार, 39.0
गुरुवार, 40.6
शुक्रवार, 44.0
शनिवार 45