आगरालीक्स…Video, आगरा में मां यमुना को समर्पित हुआ भव्य आध्यात्मिक कवि सम्मेलन. यमुना आरती स्थल, हाथी घाट पर कवियों ने यमुना की महिमा का किया गान…बनारस की तर्ज पर हुई यमुना आरती
तारक सेवा संस्था एवं नगर निगम आगरा के संयुक्त तत्वावधान में ताज महोत्सव के अंतर्गत यमुना आरती स्थल, हाथी घाट रोड पर माँ यमुना को समर्पित भव्य आध्यात्मिक कवि सम्मेलन संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. उमापति दीक्षित ने की। काव्य मंच पर अंतरराष्ट्रीय कवयित्री डॉ. रुचि चतुर्वेदी, डीजीसी कवि अशोक चौबे, कवि सचिन सारंग तथा मथुरा से पधारे कवि रंजन मिश्र ‘बिरागी’ की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का अत्यंत प्रभावी एवं ओजस्वी संचालन राष्ट्रीय कवि पदम गौतम ने किया, जिन्होंने अपनी वाणी और संयोजन कौशल से पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से आलोकित कर दिया। कवियों ने अपनी-अपनी रचनाओं के माध्यम से माँ यमुना की महिमा का गान किया तथा सनातन संस्कृति की रक्षा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनमानस को जागरूक करने का संदेश दिया। यमुना आरती स्थल पर उपस्थित श्रद्धालु एवं श्रोता भावविभोर होकर काव्य रस में सराबोर होते रहे। यह आयोजन न केवल साहित्यिक दृष्टि से सफल रहा, बल्कि सांस्कृतिक चेतना एवं आध्यात्मिक जागरण का भी एक प्रेरणादायी पर्व सिद्ध हुआ।कार्यक्रम में उपस्थित कवियों की पंक्तियां -
यमुना जल सौ यदि नैन धुलें तौ नैन अमर धुन गामेंगे।
वृषभानु सुता की छवि यमुना के तट मन के पट पामेंगे,
कालिंदी के कूल दुकूलन पै हिय फूलन नेह चढ़ामेंगे ।
यमुना मैया की जय जय कहि भव सागर से तर जामेंगे।।
डॉ रुचि चतुर्वेदी
जीने के लिए रोज खुद को मारते है लोग
ये किस तरह से जिंदगी गुजारते है लोग
दुनिया को जितने का इरादा किये हुए
क्या शौक से जमीन तलक हारते है लोग
श्री अशोक चौबे
श्याम-सुधा सी बह रही माँ यमुना की धार,
जिसके पावन स्पर्श से कटते कष्ट अपार॥
श्री पदम गौतम
कृष्ण प्रिया लीला सरिता को हम सब शीश झुकाते हैं,
शब्दों की समिधा अर्पित कर अपना जीवन धन्य बनाते हैं
श्री सचिन सारंग
राधा रानी की धरती जो मीरा माँ की परिपाटी है
प्रेम - भक्ति की ख़ुशबू जिसके तीरे -तीरे आती है
भानुजा अर्कज़ा रवितनुजा का सत अभिनंदन करते हैं
हम दोनों हाथ उठा कर के कालिंदी वंदन करते हैं ।।
श्री रंजन मिश्र बिरागी