आगरालीक्स…वीडियो देखें, आगरा में आईएमए के डॉक्टरों के आक्रोश को देखते हुए मांगें मानी गईं. पुलिसकर्मी लाइनहाजिर. हर थाने के लिए डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई के नियमों पर बनेगी गाइडलाइन
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए), आगरा ने डॉ. अनुराग बंसल के खिलाफ दर्ज मुकदमा निरस्त करने, मुकदमा दर्ज करने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ जांच के बाद कार्रवाई करने, डाक्टर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने और भविष्य में उच्च न्यायालय के दिशा निर्देशों को अमल में लाने के आश्वासन के बाद हड़ताल वापस ले ली। गुरुवार को आइएमए, भवन तोता का ताल में सुबह 10 बजे से आम सभा हुई, डीसीपी सिटी सैय्यद अली अब्बास के लिखित आश्वासन के बाद दोपहर 1.45 बजे संघर्ष समिति ने हड़ताल वापस लेने का निर्णय ले लिया।डॉ. अनुराग बंसल द्वारा मरीज के गले की गांठ की एफएनएसी की जांच के लिए उसकी सहमति से चिकित्सकीय प्रक्रिया के तहत सूक्ष्म सूई का इस्तेमाल किया, इस पर मरीज और तीमारदारों ने डॉ. अनुराग बंसल से अभद्रता, गाली गलौज की। यही नहीं, मरीज की तरफ से 29 नवंबर को थाना सिकंदरा में डॉ. अनुराग बंसल के खिलाफ मरीज से अभद्रता के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। आईएमए आगरा द्वारा डॉ. अनुराग बंसल के खिलाफ दर्ज मुकदमा खत्म करने सहित अन्य मांगें न माने जाने पर गुरुवार दोपहर 12 बजे से हड़ताल पर जाने की घोषणा की थी। सुबह 10 बजे से आईएमए भवन तोता का ताल पर आम सभा शुरू हुई, पूरा हाल भरा हुआ था और डाक्टरों में आक्रोश व्याप्त था।
डीसीपी सिटी सैय्यद अली अब्बास आइएमए भवन तोता का ताल पर पहुंचे, उन्होंने डॉ. अनुराग बंसल के खिलाफ दर्ज मुकदमे को निरस्त करने की कार्रवाई शुरू किए जाने की जानकारी दी। कहा कि सभी थाना क्षेत्रों में एक पत्र जारी किया जाएगा जिसमें आईएमए की भी मदद ली जाएगी जिससे स्पष्ट हो सके कि डाक्टर के मामले में किस तरह से कार्रवाई करनी है। डॉ. अनुराग बंसल द्वारा दी गई तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने, अल्ट्रासाउंड कक्ष में प्रवेश करने वाले पुलिस कर्मी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने, थाना सिकंदरा एचएचओ सहित अन्य कर्मचारियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई, जिसमें निलंबन शामिल है सहित अन्य मांगों को मान लिया। इसके बाद संघर्ष समिति डॉ. डीवी शर्मा, डॉ. सुनील शर्मा, डॉ. शरद गुप्ता, डॉ. मुनीश्वर गुप्ता, डॉ. रवि पचौरी, डॉ. संजय कुलश्रेष्ठ, डॉ. सीमा सिंह, डॉ. संजय चतुर्वेदी, डॉ. देवेंद्र गुप्ता, डॉ. ओपी यादव, डॉ. अनुप दीक्षित के साथ डीसीपी सिटी ने बैठक की और मांगों पर लिखित आश्वासन दिया। आइएमए, आगरा के अध्यक्ष डॉ. पंकज नगाइच और सचिव डा.रजनीश मिश्रा ने मांग मान लेने और मरीजों के हित को देखते हुए हड़ताल पर जाने का फैसला वापस ले लिया।