आगरालीक्स…(7 January 2022 Agra News) आगरा में सर्दी, बारिश और शीतलहर ने बढ़ायीं लोगों की मुश्किलें. तीन दिन तक शहर के मौसम में बदलाव की उम्मीद नहीं….
शुक्रवार सुबह भी कोहरे की चादर में ढकी
लगातार तीन दिन से चल रहे सर्दी-बारिश के प्रकोप से शहर के लोग सकते में आ गये हैं। शीतलहर ने परेशानी और बढ़ा दी है। आज शुक्रवार सुबह भी सूरज के दर्शन नहीं हुए। सुबह कोहरे की चादर में ढकी हुई आई। रिमझिम बूंदाबांदी ने हालात बिगाड़ दिये हैं। बूंदाबांदी के बीच लोगों को सुबह अपने कार्यस्थल पर पहुंचने पर भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पिछले तीन दिन से शहर का मौसम बिगड़ा हुआ है। गुरुवार को पूरे दिन सूरज के दर्शन नहीं हुए। दिन भर बादल छाए रहे तथा बीच-बीच में बूंदाबांदी होती रही। शाम को अचानक शीतलहर चलने से लोगों की परेशानी और बढ़ गयी।

लोगों को हो रही परेशानी
शीतलहर के कारण लोगों का राह चलना मुश्किल हो गया। दोपहिया वाहन वालों को शीतलहर ने ज्यादा परेशान किया। शाम को बादल बूंदों के रूप में बरसने लगे। रात भर रुक-रुक कर बूंदाबांदी होती रही। गुरुवार को अधिकतम तापमान 16.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जोकि सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस कम था। अधिकतम तापमान में कमी आने से सर्दी बढ़ गयी हालांकि न्यूनतम तापमान बढ़ गया। न्यूनतम तापमान 13.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से सामान्य से 7 डिग्री ज्यादा था।
अगले तीन दिन तक मौसम ऐसा ही रहेगा
आज शुक्रवार सुबह से भी बूंदाबांदी हो रही है। पूर्वाह्न 11 बजे शहर का तापमान 17 डिग्री सेल्सियस था। आज दिन में अधिकतम तापमान गुरुवार की अपेक्षा बढ़ने की संभावना व्यक्त की गयी है लेकिन दूसरी और न्यूनतम तापमान कम होगा। अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना व्यक्त की गयी है। आज दिन भर बादल छाए रहने की संभावना है। बीच में रुक-रुक कर बूंदाबांदी होती रहेगी। मौसम विभाग द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार अगले तीन दिन मौसम इसी तरह का बना रहेगा। बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर बारिश होगी।