आगरालीक्स…आगरा में अचानक मौसम क्यों बदला?..मौसम विभाग ने बताई इसकी वजह. कल भी हो सकती है बारिश..सर्दी तेजी से बढ़ेगी
आगरा में मौसम अचानक बदल गया है. सुबह से छाए घने बादल और बाद में हुई रिमझिम बारिश ने मौसम में ठंड बढ़ा दी है. अभी तक जो लोग हाफ टीशर्ट पहनकर घूम रहे थे उन्हें भी ठंड महसूस हुई है. घरों में बच्चों और बुजुर्गों के लिए गर्म कपड़े भी निकलना शुरू हो गए हैं. लेकिन लोग ये जानना चाहते हैं कि मौसम अचानक कैसे बदल गया..बारिश क्यों हुई. इस पर मौसम विभाग का कहना है कि अरब सागर से आ रही नमी और बंगाल की खाड़ी में बन रहे वेदर सिस्टम के चलते बादलों की सक्रियता बढ़ी है.. इसके असर से अगले दो दिनों में तापमान 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है.
चक्रवात मोंथा का भी दिखेगा असर
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में बना गहन अवदाब तेजी से प्रवल होकर गंभीर चक्रवाती तूफान मोंथा में बदल रहा है. उत्तर पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए यह आंध्र प्रदेश तट के काकीनाडा के आसपास 28 अक्टूबर की शाम या रात के समय प्रचंड चक्रवाती तूफान के रूप में पहुंच सकता है. मौसम विभाग का अनुमान है कि मोंथा चक्रवात का असर बिहार और यूपी में दिखेगा. गरज चमक के साथ बारिश के आसार हैं.