आगरालीक्स…आगरा में बढ़ते कोरोना से बदलाव..गर्म पानी के साथ दिन की शुरुआत. योग ओर वर्कआउट पर ध्यान. साफ्ट ड्रिंक सहित ठंडी चीजों से तौबा.
स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान
पिछले एक साल से कोरोना महामारी ने पूरे देश में लोगों पर अपना गहरा असर दिखाया है. इस साल भी ये महामारी अपना प्रकोप दिखा रही है. तेजी से लोगों को चपेट में ले रही इस महामारी ने लोगों को स्वास्थ्य के प्रति भी अवेयर किया है. लोग अब खाने—पीने से लेकर अपने अच्छे स्वास्थ्य के लिए जरूरी सभी चीजों का विशेष तौर पर ध्यान दे रहे हैं.
ठंडे पाना नहीं गर्म पानी से शुरुआत
लोग किसी भी हाल में बीमार नहीं होना चाहते. यही कारण है कि लोग जहां अब गर्मियों में भी गर्म पानी को महत्व दे रहे हैं तो वहीं साफ्ट ड्रिंक सहित सभी ठंडी चीजों से परहेज करने लगे हैं. फ्रिज का ठंडा पानी पीने से भी लोग बच रहे हैं. पिछले साल भी लोगों ने कोल्ड्रिंक से दूरी बना रखी थी और इस बार भी जब एक बार फिर महामारी ने लोगों को चपेट में लेना शुरू कर दिया है तो लोगों ने ठंडे पेय पदार्थों को महत्व देना कम कर दिया है. डॉक्टरों के अनुसार भी कोल्ड्रिंक स्वास्थ्य के लिए ठीक नहीं होती ऐसे में लोग अपने साथ—साथ बच्चों को भी इससे दूर कर रहे हैं.
वर्कआउट व योगा पर ध्यान
बीमारी से बचने के लिए लोग सुबह सुबह वर्कआउट और योग भी कर रहे हैं. अधिकतर बुजुर्ग और बच्चे जहां अपने घर में ही जरूरी व्यायाम कर रहे हैं तो वहीं युवा सुबह पार्क में जॉगिंग करने के लिए जा रहे हैं. इसके लिए लोग अब टाइम निकालने लगे हैं. सुबह—सुबह व्यायाम करने को अपनी आदत बना रहे हैं.
बाहर की चीजों से तौबा
कोरोना महामारी के एक बार फिर से तेजी से बढ़ने पर लोगों ने बाहर के खाने से भी तौबा करना शुरू कर दिया है. हालांकि अभी ऐसा करने वाले लोगों की संख्या काफी कम है लेकिन जिस हिसाब से तेजी से बीमारी बढ़ रही है लोग बाहर की चीजों से परहेज करने लगे हैं. खाने से संबंधित सभी चीजें घरों में बनाई जा रही है. यही नहीं बच्चों की फरमाइशों का ध्यान रखने के लिए अब आइसक्रीम भी बाहर से न मंगाकर घर में ही तैयार की जा रही है.
इस संबंध में आगरा के डॉ. मृदुल चतुर्वेदी का कहना है कि ये अच्छी बात है कि लोग अब अपने स्वास्थ्य के प्रति पहले से कहीं ज्यादा अवेयर दिखाई दे रहे हैं. स्वास्थ्य है तो सब कुछ है. ये महामारी का समय है इसलिए जरूरी है कि हम अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें और इस महामारी को अपने पास तक न आने दें.