आगरालीक्स …आगरा की एडवोकेट बार काउंसिल आफ यूपी की पहली महिला अध्यक्ष चुनी गईं हैं, यह आगरा के लिए बडी उपलब्धि है। वे छह महीने के लिए अध्यक्ष के पद पर रहेंगी। इसके बाद छह महीने के लिए हरि शंकर सिंह अध्यक्ष रहेंगे।
प्रयागराज में रविवार को बार कौंसिल भवन में चुनाव हुआ। अध्यक्ष पद पर आगरा की एडवोकेट दरवेश और हरिशंकर सिंह को 12-12 बराबर वोट मिले। बराबर मत के आधार पर दोनों को छह-छह माह के लिए चयनित किया गया। परंपरा व सहमति के आधार पर दरवेश सिंह पहले छह माह और हरिशंकर सिंह शेष छह माह अध्यक्ष रहेंगे।
2017 में रह चुकी हैं कार्यकारी अध्यक्ष
मूल रूप से एटा निवासी दरवेश सिंह ने आगरा कॉलेज से एलएलबी एलएलएम किया। वर्ष 2004 से दीवानी में प्रैक्टिस कर रही हैं। दरवेश सिंह 2017 में बार काउंसिल ऑफ यूपी की कार्यकारी अध्यक्ष रह चुकी है। इसके बाद साल 2018 में बार काउंसिल के चुनाव में दरवेश सिंह दूसरी बार सदस्य चुनी गईं।
ये हुए निर्वाचित
श्रीनाथ त्रिपाठी बार काउंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य पद पर विजयी हुए, लखनऊ के जानकी शरण पांडेय, जय नारायण पांडेय व प्रदीप कुमार सिंह, कानपुर के अंकज मिश्र और बुलंदशहर के शिवकिशोर गौड़ निर्विरोध को-चेयरमैन निर्वाचित हुए।
निर्वाचन अधिकारी आरसी मिश्र रहे, न्यायमूर्ति राजमणि चौहान अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व को-चेयरमैन के लिए निर्वाचन अधिकारी और न्यायमूर्ति सुरेंद्र सिंह पर्यवेक्षक रहे।