आगरालीक्स… आगरा के युवा क्रिकेटर दीपक चाहर इंडियन क्रिकेट टीम के हिस्सा बन गए हैं, वह आगरा के पहले क्रिकेटर हैं, जिनका चयन इंडिया ए टीम में हो गया है। इंडिया ए टीम तक पहुंचने वाले दीपक चाहर आगरा के पहले क्रिकेटर हैं।
मंगलवार को बीसीसीआई की चयन समिति ने इंग्लैंड में खेली जाने वाली ट्राई सीरीज के लिए इंडिया ए टीम की घोषणा की। भारत के अलावा ट्राई सीरीज में इंग्लैंड ए और वेस्टइंडीज ए की टीम भी खेलेंगी। दीपक के पिता व कोच लोकेन्द्र चाहर ने बताया कि बीते सत्र में राजस्थान के लिए सैय्यद मुश्ताक अली ट्राफी में दीपक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 9 मैचों में 19 विकेट लिए थे। इस आईपीएल सीजन में भी दीपक ने 7 मैचों में छह विकेट लिए। इंग्लैंड में ट्राई सीरीज 22 जून से शुरू होगी।
एक छोटे से गांव से हैं क्रिकेटर दीपक चाहर
दीपक चाहर आगरा के कागारौल के पास स्थित नारौल गांव के निवासी हैं। वह राजस्थान की तरफ से रणजी खेलते हैं। अब तक दीपक ने 35 रणजी मैच में 105 विकेट चटकाए हैं। वर्ष 2005 में उन्होंने राजस्थान की अंडर-15 बोर्ड ट्राफी खेली। वर्ष 2006 में राजस्थान की टीम का हिस्सा बनकर इंग्लैंड गए और पांच मैचों में 11 विकेट लिए। इसी साल बोर्ड ट्राफी के चार मैचों में 12 विकेट झटके। वर्ष 2009 में राजस्थान की अंडर-19 टीम से खेलते हुए चार मैच में 21 विकेट प्राप्त किए। चार बार इंडिया कैंप किया। अंडर-15, 19, और 23 आयु वर्गों में कैंप में शामिल हुए। वर्ष 2010 में दीपक चाहर ने राजस्थान टीम की ओर से रणजी ट्राफी खेलना शुरू किया। नवंबर 2010 में हैदराबाद की टीम के खिलाफ उन्होंने सात ओवर में महज दस रन देकर आठ विकेट प्राप्त कर रिकार्ड कायम किया। वर्ष 2011 में दिलीप ट्राफी और वर्ष 2011 और 2012 में इरानी ट्राफी खेली। इरानी ट्राफी के दोनों वर्षों में राजस्थान की टीम विजेता रही। दीपक युवराज सिंह, गौतम गंभीर और सहवाग सरीखे खिलाड़ियों का विकेट प्राप्त कर चुके हैं।
आईपीएल 2018 में खरीदे गए दीपक चाहर
आईपीएल 2018 के आॅक्शन में चेन्नई सुपरकिंग ने दीपक चाहर अस्सी लाख खरीद कर अपनी टीम का हिस्सा बनाया है।