आगरालीक्स.. आगरा में जम्मूकश्मीर से अनुच्छेद 370 खत्म होने के साथ ही एक औैर जश्न मनाया जा रहा है, आगरा के गेंदबाज दीपक चाहर ने वेस्टइंटीज के साथ खेले जा रहे तीसरे टी 20 में 3 विकेट झटक लिए हैं। उन्होंने तीन ओवर में चार रन देकर तीन विकेट लिए हैं। इस मैच में उनके भाई राहुल चाहर भी खेल रहे हैं।
तीन मैचों की टी 20 सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला गयाना के प्रोविडेंस स्टेडियम पर खेला जा रहा है। इस मैच में टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया।
पहले तीन विकेट दीपक चाहर के नाम
वेस्टइंडीज की तरफ से पारी की शुरुआत करने सुनील नारायण व इविन लुईस आए। सुनील न को दीपक चाहर ने अपने पहले ओवर की पांचवीं गेंद पर नवदीप सैनी को कैच दिलवाकर आउट कर दिया। इसके बाद दीपक चाहर ने वेस्टइंडीज टीम के ओपनर बल्लेबाज इविन लुईस को एलबीडब्ल्यू किया। दीपक चाहर ने अपने स्पेल के दूसरे ओवर की पहली गेंद पर लुईस को आउट किया और इसी ओवर की पांचवीं गेंद पर हेटमायर को एक रन पर एलबीडब्ल्यू किया।
एक छोटे से गांव से हैं क्रिकेटर दीपक चाहर
दीपक चाहर आगरा के कागारौल के पास स्थित नारौल गांव के निवासी हैं। वह राजस्थान की तरफ से रणजी खेलते हैं। अब तक दीपक ने 35 रणजी मैच में 105 विकेट चटकाए हैं। वर्ष 2005 में उन्होंने राजस्थान की अंडर-15 बोर्ड ट्राफी खेली। वर्ष 2006 में राजस्थान की टीम का हिस्सा बनकर इंग्लैंड गए और पांच मैचों में 11 विकेट लिए। इसी साल बोर्ड ट्राफी के चार मैचों में 12 विकेट झटके। वर्ष 2009 में राजस्थान की अंडर-19 टीम से खेलते हुए चार मैच में 21 विकेट प्राप्त किए। चार बार इंडिया कैंप किया। अंडर-15, 19, और 23 आयु वर्गों में कैंप में शामिल हुए। वर्ष 2010 में दीपक चाहर ने राजस्थान टीम की ओर से रणजी ट्राफी खेलना शुरू किया। नवंबर 2010 में हैदराबाद की टीम के खिलाफ उन्होंने सात ओवर में महज दस रन देकर आठ विकेट प्राप्त कर रिकार्ड कायम किया। वर्ष 2011 में दिलीप ट्राफी और वर्ष 2011 और 2012 में इरानी ट्राफी खेली। इरानी ट्राफी के दोनों वर्षों में राजस्थान की टीम विजेता रही। दीपक युवराज सिंह, गौतम गंभीर और सहवाग सरीखे खिलाड़ियों का विकेट प्राप्त कर चुके हैं।
फाइल फोटो