आगरालीक्स …आगरा के सॉफ्टवेयर इंजीनियर का वर्चुअल रियलिटी की दुनिया में हिन्दी के पहले गेम “ज़ोको” ने धूम मचा दी है। अपेक्षाकृत बेहद कम लागत में बनाया गया “ज़ोको” ज़्यादातर बड़े बजट के दूसरे विदेशी गेम्स पर भारी साबित हो रहा है। रिलीज़ होने के एक हफ़्ते के अन्दर यह टॉप सेलिंग यानी सबसे ज़्यादा बिकने वाले वीआर गेम्स की सूची में शामिल हो गया है। खास बात यह कि इस गेम को आगरा के सॉफ्टवेयर इंजीनियर पुनीत पांडे ने बनाया है, जिनकी कंपनी ओजस वर्चुअल स्टूडियोज़ न केवल हिन्दी का पहला वीआर गेम बनाने वाली कंपनी बन गयी है, बल्कि उन चंद भारतीय गेम कंपनियों में भी शामिल हो गई है जिन्होंने इस तकनीक में गेम बनाया है। वीआर दरअस्ल ऐसी टेक्नोलॉजी है जिसमें आँखों के आगे वीआर हेडसेट लगाते ही आपको ऐसा महसूस होता है मानो आप किसी और दुनिया में पहुँच गए हों।
“ज़ोको: रोलर कोस्टर जॉम्बी शूटिंग” इस मामले में भी ख़ास है कि यह गुणवत्ता में सिलिकॉन वैली की गेमिंग कंपनियों के बनाए गेम्स को चुनौती देता है। पुनीत बताते हैं, “वर्चुअल रिएलिटी की तकनीक में दुनिया भर में बस कुछ चुनिन्दा शीर्ष कंपनियाँ ही काम कर रही हैं। हम चाहते थे कि वीआर में कुछ ऐसा बनाया जाए जिससे भारत का नाम भी विश्व-पटल पर स्थापित किया जा सके। इसलिए हमने हिंदी में पहला वर्चुअल रिएलिटी गेम बनाने का निर्णय लिया।”
कंपनी के फ़ाउण्डर पुनीत पाण्डे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को इस गेम की प्रेरणा का श्रेय देते हुए कहते हैं, “पिछले साल जनवरी में मोदी जी की स्टार्टअप इंडिया इवेंट में भाग लेकर मेरे मन में विश्व स्तर का प्रोडक्ट बनाने का विचार आया. उस समय एआर और वीआर तकनीक उभर रहीं थी और भारत में बड़ी आईटी कंपनीयाँ होने के बावजूद इन नयी तकनीकों के प्रोडक्ट्स में भारत का योगदान न के बराबर था. भारत में लाखों गेम डेवेलपर्स होने के बावजूद भारत में विश्व स्तर पर सफल गेमिंग स्टूडियो नहीं हैं और हिंदी में तो गेम लगभग न के बराबर हैं. यही वजह है कि वीआर तकनीक में हमने हिन्दी भाषा का पहला गेम बनाया है।” पुनीत अमेरिका से ग्रीन कार्ड छोड़कर भारत इसी सपने के साथ वापस आए हैं कि तकनीक के क्षेत्र में दुनिया के नक़्शे पर भारत का नाम भी अंकित किया जा सके।
ज़ोको में वीआर हेडसेट लगाते ही आप ऐसे लोकों के अन्दर पहुँच जाते हैं जो जॉम्बी और प्रेतों से भरा है। यहाँ इन जॉम्बीज़ का मुक़ाबला कर आपको अपनी आभासी गर्लफ़्रेंड को बचाना और महादानव को परास्त करना है, जिसके कब्ज़े में वह है। गेम खेलते समय आप अनुभव करेंगे कि आप जो कुछ देख और कर रहे हैं, वह महज़ गेम नहीं बल्कि वास्तविकता है। रोंगटे खड़े कर देने वाला यह गेम आपको रोमांच से भर देगा, वह भी आपकी अपनी भाषा हिंदी में। यह गेम ऑक्युलस गीअर वीआर स्टोर पर उपलब्ध है और वहाँ से आसानी से डाउनलोड किया जा सकता है।
ओजस वी आर स्टूडियोज के बारे में
ओजस वी आर स्टूडियोज भारत में स्थित एकमात्र वर्चुअल रियलिटी गेमिंग स्टूडियो है. ओजस वी आर विश्व स्तर के वीआर गेम बनाने के लिए जाना जाता है. “जोको” गेम से पहले ओजस वी आर का “व्योम द कॉम्बैट” वीआर गेम काफी चर्चित रहा है.