आगरालीक्स… आगरा आए डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा का कहना है कि यूपी की तरक्की के लिए ताजमहल नाकाफी है। आय के स्रजन के लिए अन्य स्रोत भी विकसित किए जा रहे हैं, इसके लिए आगरा सहित आस पास के स्थलों को विकसित किया जाएगा।
रविवार को डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा और पर्यटन मंत्री रीता बहुगुणा जोशी सर्किट हाउस पहुंचे। यहां प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि अकेले ताजमहल से आय का स्रजन नहीं हो सकता है। इसके लिए आगरा और आस पास के क्षेत्र में अन्य स्थल भी हैं, उन्हें विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पिछली सरकार की तरह से नहीं है। सरकार जिन कामों का शिलांयास करेगी, उनका लोकार्पण भी किया जाएगा। डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा और पर्यटन मंत्री रीता बहुगुणा जोशी आगरा में 26 अक्टूबर को आ रहे सीएम योगी आदित्यनाथ के दौरे के मददेनजर तैयारियों का जायजा लेने के लिए आए थे।
पूरी प्लानिंग से लडेंगे निकाय चुनाव
डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा ने बताया कि प्रत्येक जिले के लिए प्रभारी बनाए गए हैं, ये स्थानीय पदाधिकारी और जन प्रतिनिधियों से विचार विमर्श करने के बाद प्रत्याशियों के नामों की सूची फाइनल करेंगे, भाजपा द्वारा नगर निगम के चुनाव पूरी प्लानिंग के साथ लडे जाएंगे। आगरा के मेयर से लेकर पार्षद पद के दावेदारों से आवेदन लिए जा रहे हैं।
कानून व्यवस्था के सवाल पर बोले पूरी तरह चाक चौबंद
आगरा में जुआरियों को पकडने के बाद एसओजी के सिपाही के घर पर धाबा बोलने के मामला आ चुका है, बाह में दबिश देने गए सिपाहियों की पिटाई की गई, ऐसे में डिप्टी सीएम से कानून व्यवस्था को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि कानून व्यवस्था पूरी तरह से चाक चौबंद हो।