लखनऊलीक्स…डांसर सपना चौधरी के खिलाफ अरेस्ट वारंट. फैंस का दिल तोड़ने के आरोप में कोर्ट ने…..
हरियाणवी सिंगर और डांसर सपना चौधरी के खिलाफ अरेस्ट वारंट जारी किया गया है. लखनऊ की एक कोर्ट ने उनके खिलाफ ये वारंट जारी किया है. आरोप है कि उन्होंने मनमाने तरीके से कार्यक्रम रद कर अपने फैंस का दिल तोड़ दिया और उनके टिकट के पैसे भी वापस नहीं हुए. कोर्ट ने अगली सुनवाई के लिए 22 तारीख नियत की है. मामला कुछ इस प्रकार है कि दारोगा फिरोजखान ने वर्ष 2018 की 14 अक्टूबर को लखनऊ के आशियाना थाने में डांसर सपना चौधरी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था. इस मुकदमे में कार्यक्रम के आयोजक जुनैद अहमद, नवीन शर्मा इवाद अली, अमित पांडे और रत्नाकर उपाध्याय को भी आरोपी बनाया गया था. आरोप है कि 13 अक्टूबर को स्मृति उपवन में डांसर सपना चौधरी का एक कार्यक्र्म आयोजित होना था. इसकी एडवांस टिकट भी सेल की गई जो कि 300 रुपये प्रति टिकट थी. कार्यक्रम वाले दिन स्मृति उपवन में हजारों की संख्या में सपना चौधरी के फैंस उनका कार्यक्रम देखने के लिए इकट्ठे हुए लेकिन रात दस बजे तक सपना चौधरी कार्यक्रम में नहीं आईं. इस पर लोगों में गुस्सा छा गया और उन्होंने अपनी टिकट के पैसे वापस मांगे. काफी देर तक हंगामा भी हुआ लेकिन उन्हें पैसे वापस नहीं दिए गए. इस मामले में सपना चौधरी ने कोर्ट में इस प्रकरण को खत्म करने का अनुरोध करने वाली याचिका भी दायर की थी लेकिन कोर्ट ने उसे खारिज कर दिया था.