आगरा में थर्माकोल और प्लास्टिक कप प्लेट पर रोक
नगर निगम में जमा कर सकते हैं प्रतिबंधित कप प्लेट
15 जुलाई को पॉलीथिन कैरी बैग पर लगाई गई थी रोक
आगरालीक्स.. आगरा में आज से पॉलीथिन के बाद थर्माकोल व प्लास्टिक के कप, प्लेट, चम्मच और ग्लास पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इनकी बिक्री करते हुए पकडे जाने पर चालान के साथ जुर्माना लगेगा। साथ ही प्रतिबंधित थर्माकोल और प्लास्टिक के कप प्लेट इस्तेमाल किए जाते हैं तो भी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए डीएम को शासन ने निर्देश दिए हैं।
आगरा सहित प्रदेश में 15 जुलाई को पॉलीथिन कैरी बैग पर रोक लगा दी थी, इसके बाद आगरा में बडे स्तर पर कार्रवाई की गई। इसी के तहत दूसरे चरण में बुधवार को आगरा सहित प्रदेश में थर्मोकोल व प्लास्टिक के कप, प्लेट, चम्मच, ग्लास आदि प्रतिबंधित होने जा रहे हैं। प्रमुख सचिव, नगर विकास मनोज कुमार ने सभी डीएम को दिशा-निर्देश जारी कर छापामारी करने को कहा है। शहर में प्रतिदिन लाखों रुपये के थर्मोकोल व प्लास्टिक के कप, प्लेट, ग्लास व चम्मचों की बिक्री होती है। इसका मुख्य केंद्र छत्ता बाजार है। शहर में इनके दर्जनभर से अधिक गोदाम बने हैं।
नगर निगम में जमा कर सकते हैं प्रतिबंधित थर्माकोल और प्लास्टिक के कप प्लेट
थर्माकोल और प्लास्टिक के कप प्लेट पर रोक लगा दी गई है लेकिन शहर में बडे स्तर पर इनका स्टॉक है। ऐसे में नगर निगम ने व्यवस्था की है कि वे अपना सामान नगर निगम में जमा कर सकते हैं, यह निस्तारण किया जाएगा, यह वापस नहीं मिलेगा लेकिन कोई जुर्माना नहीं लगेगा।
नगरायुक्त अरुण प्रकाश का कहना है कि कि जो भी व्यापारी निगम कार्यालयों में पॉलीथिन, थर्मोकोल व प्लास्टिक के कप, प्लेट, ग्लास व चम्मच को जमा करेगा। उस पर कोई जुर्माना नहीं लगाया जाएगा। अगर निगम की टीम ने छापा मार प्रतिबंधित सामान को पकड़ा तो जुर्माना वसूला जाएगा।