आगरालीक्स…(7 July 2021 Agra News) आगरा में पुलिस को भाजपा नेता की धमकी. चालान हो गया है तो क्या हुआ, बाइक छोड़ दो. नहीं छोड़ी तो मैं नौकरी करना सिखा दूंगा. पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा…
चेकिंग में पकड़ी थी बाइक, नहीं थे पेपर
आगरा में चेकिंग में पकड़ी गई बाइक को छुड़ाने के लिए भाजपा नेता ने पुलिस को ही धमकी दे डाली. नेता इतना भड़क गए कि न सिर्फ दरोगा को धमकाया बल्कि गाली गलौज कर बाइक छुड़ाने के लिए दबाव बनाया. मामले में आरोपी भाजपा नेता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है.
जानकारी के अनुसार बीती रात थाना मलपुरा पुलिस जखोदा गांव के पास चेकिंग कर रही थी. तभी उसे एक लड़का बाइक पर आते हुए दिखाई दिया. पुलिस ने उसे रोका और बाइक के पेपर मांगे, लेकिन लड़का पेपर नहीं दिखा सका. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार लड़का नाबालिग था और उसका नाम शिवम था जो कि जारुआ कटरा में रहने वाले देवेश की बाइक को लेकर रात करीब दस बजे घर लौट रहा था.
सीयूजी नंबर पर पुलिस को हड़काया
पुलिस ने उसे पेपर मंगाने के लिए टाइम भी दिया लेकिन शिवम ने हाथ खड़े कर दिए. इस पर पुलिस ने बाइक का चालान कर दिया. इसके बाद शिवम ने जारुआ कटरा में ही रहने वाले भाजपा नेता सत्यदेव दुबे को फोन कर इसकी जानकारी दी. सत्यदेव दुबे ने एसओ मलपुरा के सीयूजी नंबर पर कॉल् की. यह कॉल प्रभारी एसओ अनुज सिरोही ने रिसीव की. मीडिया रिपोर्ट व पुलिस के अनुसार भाजपा नेता ने बाइक छोड़ने को कहा. जब उन्हें बताया गया कि बाइक का चालान हो चुका है तो इस पर भाजपा नेता को गुस्सा आ गया और उन्होंने धमकीभरे अंदाज में कहा कि चालान हो गया तो क्या हुआ. बाइक छोड़ दो. अगर नहीं छोड़ी तो नौकरी करना सिखा दूंगा. आरोप है कि इस दौरान भाजपा नेता ने गाली गलौज भी की.
प्रभारी एसओ ने इसकी पूरी जानकारी अपने सीरियर अधिकारियों को दी. पुलिस ने इसके बाद आरोपी भाजपा नेता सत्यदेव दुबे के खिलाफ थाना मलपुरा में सरकारी कार्य में बाधा डालने, गाली गलौज करने और धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. सीओ अछनेरा महेश कुमार ने बताया कि बाइक नियमानुसार सीज की गई थी. उसे नाबालिग चला रहा था और वह चेकिंग में कोई पेपर भी नहीं दिखा सका. सीयूजी नंबर पर गाली गलौज करने पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है.