लखनऊलीक्स..बसपा की राष्ट्रीय स्तर की बैठक 23 जून को, पार्टी प्रमुख मायावती ले सकती हैं कड़े निर्णय। आनंद को मिल सकती है महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
पार्टी को नये सिरे से खड़ा करने की तैयारी
लोकसभा चुनाव में हार की समीक्षा के लिए बसपा प्रमुख मायावती ने 23 जून को पार्टी की राष्ट्रीय स्तर की बैठक बुलाई है। बैठक में पार्टी को नए सिरे से खड़ा करने के लिए मायावती कई अहम निर्णय करेंगी।
आनन्द बन सकते हैं नेशनल कोऑर्डिनेटर
बसपा प्रमुख राज्यों के प्रभारियों में बदलाव करने के साथ ही पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आनंद कुमार को फिलहाल पार्टी के नेशनल कोऑर्डिनेटर जैसे पद का दायित्व भी सौंप सकती हैं। चार जून को आए नतीजे में पार्टी के शून्य पर सिमटने के अगले दिन मायावती ने पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्र से हार के कारणों पर विस्तृत रिपोर्ट लेकर उस पर चर्चा की थी लेकिन अब देशभर से पार्टी के पदाधिकारियों की 23 जून को बैठक बुलाई है।
बसपा प्रमुख कर चुकी हैं कई कार्रवाई
इस बीच मायावती ने जिन क्षेत्रों में पार्टी का पहले से ज्यादा खराब प्रदर्शन रहा था वहां के कोऑर्डिनेटरों से लेकर जिला स्तर के पदाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे जिस पर कई कोऑर्डिनेटरों व जिलाध्यक्षों को पद से हटाया भी जा चुका है।