आगरालीक्स… आगरा में कारोबारी की हत्या कर शव खेत में फेंक दिया, 12 दिन बाद कारोबारी का शव मिला है, पुलिस छानबीन में जुटी हुई है।
आगरा के थाना मलपुरा के ग्राम जरूआ कटरा से 12 दिन पहले सराफ नवल किशोर वर्मा अपने घर से गए थे, इसके बाद वापस नहीं आए। शुक्रवार को सुबह उनका शव बरार गांव में पड़ा मिला।
परिजनों ने दी थी अपहरण की तहरीर
नवल किशोर अपने घर में आभूषण बनाकर घर-घर जाकर उनको बेचा करते थे। वह तीन सितंबर को अपने घर से किसी जरूरी काम से बाहर गए थे, तब से वह घर वापस नहीं आए। परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की थी तो तीन सितंबर की रात को उनका मोबाइल फोन गांव बरारा के एक खेत में पड़ा मिला और दूसरे दिन उनकी बाइक थाना सैंया क्षेत्र में लावारिस हालात में मिली। तब परिजनों को उनके साथ कुछ अनहोनी होने की आशंका थी. घरवालों ने थाना मलपुरा मे अपहरण की तहरीर दी थी पुलिस ने इस पर मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। हालांकि इस बीच नवल किशोर के घर वालों के पास फिरौती के लिए कोई फोन नहीं आया था। मगर उनके घर वालों का कहना है, कि उनकी हत्या किसी सोची समझी साजिश के तहत की गई है। थाना मलपुरा पुलिस का कहना है कि सराफ नवल किशोर की हत्या तीन सितंबर को ही कर दी गई थी। शुक्रवार को उनका कंकाल बरारा गांव में मिला है।