लखनऊलीक्स… प्रदेश के चित्रकूट जिले में जहरीली शराब पीने से पांच लोगों की मौत के मामले में सरकार ने सख्त कदम उठाया है। एसडीएम, जिला आबकारी अधिकारी समेत 11 अधिकारियों व कर्मियों को निलंबित कर दिया है।
सीएम के निर्देश पर चित्रकूट के राजापुर के एसडीएम राहुल कश्यप विश्वकर्मा, सीओ रामप्रकाश, जिला आबकारी अधिकारी चतरसेन को दायित्वों का निर्वाहन ठीक से नहीं करने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
सिपाही से लेकर चौकीदार तक नपे
घटना में लापरवाही को देखते हुए उपनिरीक्षक ब्रजेश पांडे, बीट कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह, लेखपाल राजेश सिंह, आबकारी सिपाही सुशील पांडेय संदीप मिश्रा को निलंबित किया गया है। गांव के चौकीदार सुनील की सेवा समाप्त कर दी गई है।
परचून की दुकान भी सील
पुलिस ने देशी शराब के ठेकेदार रामप्रकाश यादव की दुकान सीज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। गांव के त्रिलोक सिंह की परचून दुकान को भी सील किया गया है।