आगरालीक्स…आगरा में सब्जी में छिपकली मिलने के मामले में श्रीराम पूड़ी वाले ने जारी किए सीसीटीवी. देखिए 3 वीडियो..सब्जी में छिपकली का सिर था या डाला गया….
25 सितंबर 2021 का है मामला
आगरा के आईएसबीटी पर श्री राम पूड़ी वाले का रेस्टोरेंट है. शनिवार 25 सितंबर को दोपहर 1:20 बजे श्री राम पूड़ी वाले के रेस्टोरेंट पर नागर बिचपुरी निवासी मोहन सिंह पहुंचे. उन्होंने 20 रुपये की पूड़ी सब्जी ली, आरोप है कि जैसे ही वे पूड़ी सब्जी खाने लगे तो सब्जी में छिपकली का कटा हुआ सिर दिखाई दिया, इसे देख चीख निकल पड़ी लोग आ गए. उन्होंने हंगामा किया. रेस्टोरेंट के कर्मचारी आ गए उन्होंने हाथ से दोना लेकर डस्टबिन में फेंक दिया. इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए. पुलिस ने आक्रोशित लोगों को शांत कराया. रविवार को एफएसडीए की टीम ने पहुंचकर रेस्टोरेंट से सब्जी के सैंपल भी लिए हैं.
नया मोड़: सीसीटीवी आए सामने
सब्जी में छिपकली का कटा सिर मिलने के मामले में सोमवार को नया मोड़ सामने आए है. श्रीराम पूड़ी रेस्टोरेंट के मालिक रजत खंडेलवाल ने आगरालीक्स को इस मामले के तीन सीसीटीवी वीडियो उपलब्ध कराए हैं. आप भी देखें तीनों वीडियो..और देखें कि सब्जी में छिपकली का सिर पहले से था या डाला गया….
श्रीराम पूड़ी रेस्टोरेंट के तर्क
इस मामले में श्रीराम पूड़ी रेस्टोरेंट के संचालक रजत खंडेलवाल ने आगरालीक्स को अपने तर्क भी दिए हैं. पहला तर्क-उनके अनुसार अगर गर्म सब्जी में छिपकली का सिर पहले से होता तो उसकी स्किन डैमेज होती, जबकि युवक द्वारा जिस सब्जी में छिपकली का सिर दिखाया गया उसमें छिपकली की आंखें व स्किन ठीक हैं.
दूसरा तर्क देते हुए श्रीराम पूड़ी रेस्टोरेंट के संचालक रजत खंडेलवाल का कहना है कि वीडिया में साफ देखा जा सकता है कि युवक द्वारा सब्जी के दौने में कुछ डाला जा रहा है. यही नहीं डालने के बाद करीब एक से दो मिनट तक वो सब्जी को मिलाते हैं, जबकि लोग गर्म सब्जी के साथ पूड़ी तुरंत खाना शुरू कर देते हैं.
तीसरा तर्क सब्जी में छिपकली का सिर कटा हुआ दिखाई दे रहा है, सब्जी काटते समय छिपकली कट जाए और पता न चले, यह संभव नहीं है। वैसे भी छिपकली जहां सीधी धूप आती है वहां नहीं रहती।
रजत खंडेलवाल ने बताया कि उन्हें इस मामले में साजिश के तहत फंसाया गया है. कुछ युवकों द्वारा यह हरकत की गई है और हमारे खिलाफ साजिश रची गई है. उन्होंने आरोप लगाया कि बिजलीघर वाले रेस्टोरेंट पर भी इस तरह का मामला साजिश के तहत किया गया था. सब्जी के सैंपल खाद्य विभाग द्वारा लिए गए हैं जिनकी रिपोर्ट आने का हम इंतजार कर रहे हैं.

क्या है डॉक्टर का कहना, छिपकली में जहर होता है या नहीं
एसएन मेडिकल कॉलेज के फोरेंसिक विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. अजय अग्रवाल ने बताया कि छिपकली जहरीली नहीं होती है। यह सब्जी में गिर जाए और उसे खा लें तो तबीयत बिगडने की आशंका नहीं रहती है। दक्षिण अफ्रीका में कुछ छिपकली पाई जाती हैं जिनमें जहर होता है।