आगरालीक्स… आगरा में सीएम योगी आदित्यनाथ 200 पतियों केा सम्मानित करेंगे, इन्हें 26 अक्टूबर को प्रशस्ति पत्र दिए जाएंगे, ये वे पति नंबर वन हैं जिन्होंने करवाचौथ पर अपनी पत्नी को तोहफे में शौचालय दिया है।
जिला पंचायती राज विभाग ने स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत करवाचौथ पर ‘पति नंबर वन’ नाम की अनूठी योजना चलाई थी। इसमें पतियों को करवाचौथ पर उपहार के रूप में पत्नी को शौचालय बनवाकर देना था, इसके बाद आगरा में करीब 200 पतियों ने अपनी पत्नी को शौचालय दिया है। इन सभी को 26 अक्टूबर को सीएम योगी आदित्यनाथ प्रशस्ति पत्र देंगे।
26 अक्टूबर का कार्यक्रम
सुबह 7.45 बजे पहुंच जाएंगे आगरा
प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत सीएम योगी आदित्यनाथ सुबह 7. 45 बजे खेरिया हवाई अडडे पर पहुंच जाएंगे। यहां से वे नगाला पैमा पर हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे, यहां वे रबर चैक डेम प्रोजेक्ट का निरीक्षण करेंगे। नगला पैमा से हेलीकॉप्टर से ग्यारह सीढी पार्क पहुंचेंगे, यहां से कार से कछपुरा जाएंगे। यहां वे प्रो पुअर डेवलेपमेंट प्रोजेक्ट का शिलान्यास करेंगे। यहां से वे आगरा फोर्ट होते हुए ताजमहल पश्चिम गेट पार्किंग में पहुंचेंगे। यहां से शाहजहां पार्क तक सफाई अभियान में शामिल होंगे।
30 मिनट तक ताजमहल देखेंगे
सीएम योगी आदित्यनाथ 10. 35 बजे पश्चिमी गेट से ताजमहल में प्रवेश करेंगे, यहां 30 मिनट तक वे ताजमहल का दीदार करने के साथ एएसआई द्वारा ताजमहल को लेकर दिए जाने वाले प्रजेंटेशन को देखेंगे। यहां से ताजमहल पूर्वी गेट होते हुए ताजखेमा पहुंचेंगे और स्विस कॉटेज का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद ताज ओरिएंटेशन सेंटर का निरीक्षण करेंगे। मुगल म्यूजिम होते हुए कलाक्रति और वहां से सर्किट हाउस पहुंचेंगे।
एक घंटे सभा को करेंगे संबोधित
सीएम योगी आदित्यनाथ 12. 30 बजे जनसभा स्थल जीआईसी मैदान पहुंचेंगे, यहां वे जनसभा को संबोधित करेंगे। करीब एक घंटे जनसभा को संबोधित करने के बाद कोठी मीना बाजार में बनाए गए हैलीपैड से हेलीकॉप्टर के द्वारा आनंद इंजीनियरिंग कॉलेज में बनाए गए हैलीपेड तक उतरेंगे। कीठम में करेंगे प्रेसवार्ता
आनंद इंजीनियरिंग कॉलेज से कीठम पहुंचेंगे, यहां कीठम पक्षी विहार का निरीक्षण करेंगे। यहां प्रेसवार्ता के बाद वे शाम चार बजे खेरिया एयरपोर्ट से चले जाएंगे।