आगरालीक्स.. आगरा में 36 घंटे बाद कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (सीएनजी) की सप्लाई शुरू होते ही सीएनजी पंपों पर लंबी लाइन लग गई, देर रात तक सीएनजी पंपों पर स्कूल बस, वैन, आॅटो सहित वाहनों की लंबी लाइन लगी रही। आगरा में मंगलवार को वाटर वक्र्स चौराहे से रामबाग के बीच निर्माणाधीन तीसरे पुल के तीन पिलर गिर गए थे, इन पिलर के नीचे से गेल इंडिया की पाइप लाइनें जा रहीं थी, इसके बाद सीएनजी की आपूर्ति बंद कर दी गई। आगरा के सीएनजी पंप बंद होने से परेशानी होने लगी, दूसरे दिन गुरुवार को स्कूल बस और वैन नहीं आईं, इससे लोगों को परेशानी हुई।

36 घंटे बाद सीएनजी की आपूर्ति
लखनऊ और दिल्ली से आए विशेषज्ञों की टीम ने गुरुवार सुबह 8 बजे जवाहर पुल पर लटके 135 मीट्रिक टन वजनी गर्डर को हटाने में सफलता हासिल कर ली। इसके बाद सुबह करीब 10 बजे सीएनजी की आपूर्ति शुरू कर दी गई। गेल इंडिया के अधिकारियों ने बताया कि शहर के सभी 14 पंपों पर सप्लाई दी जा रही है। प्रेशर में भी जल्द ही सुधार हो जाएगा।
पीएनजी की सप्लाई भी हुई शुरू
सीएनजी के साथ पीएनजी की सप्लाई भी शुरू कर दी गई, पीएनजी बंद होने से लोगों को खाना बनाने में समस्या आ रही थी, कुछ क्षेत्रों में शाम तक पीएनजी की सप्लाई सुचारू हो सकी।
जवाहर पुल पर चलने लगे वाहन
दोपहर में जवाहर पुल को भी वाहनों के लिए खोल दिया गया, अभी हल्के वाहन ही पुल से निकाले जा रहे हैं।