आगरालीक्स.. सूरत में मल्टी स्टोरी बिल्डिंग में चल रहे कोचिंग सेंटर में आग से 20 बच्चों की मौत के बाद आगरा के कोचिंग सेंटरों पर नजर है, भगवान टॉकीज पर बहुमंजिला बिल्डिंग में बडी संख्या में कोचिंग सेंटर चल रहे हैं। इनमें छात्रों की संख्या बहुत अधिक है और आग बुझाने के कोई इंतजाम नहीं हैं।
सूरत के तक्षशिला कॉम्प्लेक्स में शुक्रवार को आग लगने से 15 छात्रों समेत 20 की मौत हो गई। इमारत चार मंजिला है और इसकी दूसरी मंजिल पर आग लगी। हादसे के वक्त दूसरी मंजिल पर डिजाइनिंग की कोचिंग चल रही थी। जान बचाने के लिए 13 बच्चे चौथी मंजिल से कूद गए। आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।
आगरा में भी मल्टी स्टोरी बिल्डिंग में चल रहे कोचिंग सेंटर
आगरा के भगवान टॉकीज पर बडी संख्या में कोचिंग सेंटर है, यह मल्टी स्टोरी बिल्डिंग में दूसरी और तीसरी मंजिल पर चल रहे हैं। एक दो दो कमरे में चल रहे कोचिंग सेंटर से बाहर निकलने का रास्ता नहीं है। साथ ही आग बुझाने का भी कोई साधन नहीं है, ऐसे में कोचिंग सेंटर में आग लगने पर आग पर काबू पाना मुश्किल होगा।