Corona: 12 die, uproar in Mumbai-Bhopal due to lack of oxygen
नईदिल्लीलीक्स… ( 13 April )। कोरोना संक्रमण बढ़ने के साथ ही इससे निपटने के इंतजाम भी लचर होते जा रहे हैं। मुंबई और भोपाल के अस्पतालों में ऑक्सीजन की कमी से 12 लोगों की जान चली गई।
मुंबई के नालासोपरा के एक अस्पताल में आक्सीजन की कमी के कारण कोरोना के सात मरीजों की मौत हो गई। इससे गुस्साए मरीजों के परिजन और अन्य लोगों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया।
महाराष्ट्र के 12 जिले ऐसे हैं, जहां हर अस्पताल में बैड फुल हैं। राज्य के 75 फीसदी आईसीयू बैड भी फुल हैं। कोरोना के कारण महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा खराब हैं। स्थिति यह है कि मुंबई के प्रसिद्ध लीलावती अस्पताल के लॉबी एरिया में बैड लगाकर मरीजों का इलाज करना पड़ रहा है।
भोपाल के 20 अस्पतालों में ऑक्सीजन का संकट
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आक्सीजन की कमी के कारण पांच मरीजों की मौत हो गई। भोपाल के 20 से ज्यादा अस्पतालों में आक्सीजन की कमी के कारण अफरा-तफरी का माहौल है। विपक्ष ने मुख्यमंत्री पर आरोप लगाया है कि शिवराज सिंह चौहान अस्पतालों की स्थिति सुधारने की बजाए चुनाव पर्यटन में व्यस्त हैं।
लखनऊ में लग सकता है लॉकडाउन, श्मशानघाट पर बंट रहे टोकन
उत्तर प्रदेश में कोरोना के कारण हालात दिन ब दिन बिगड़ते जा रहे हैं। सबसे ज्यादा खऱाब स्थिति राजधानी लखनऊ की है। यहां एक ओर अस्पतालों के बाहर मरीजों की लंबी-लंबी लाइन लगी है तो दूसरी ओर श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार के लिए टोकन बांटे जा रहे हैं। राज्य के केबिनेट मंत्री ब्रजेश पाठक ने राज्य के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अपर सचिव को एक पत्र लिखकर कहा है कि अगर अगर खऱाब व्यवस्था पर ध्यान नहीं दिया गया तो लखनऊ में लॉकडाउन लगाना पड़ सकता है।
रद्द हो सीबीएसई परीक्षा
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोरोना के रिकार्ड केस सामने आ रहे हैं। बीते 24 घंटों में 11 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हुए है तथा 72 मरीजों की जान चली गई है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज एक प्रेस कान्फ्रेंस कर कहा है कि मौजूदा हालात को देखते हुए सीबीएसई की परीक्षाएं स्थगित कर देनी चाहिए।