आगरालीक्स… दीपावली पर बम पटाखों पर दिल्ली एनसीआर में लगाए गए बैन के बाद ताजमहल के शहर आगरा में लोगों ने रात को एक घंटे जमकर बम पटाखे चलाए, इसके बाद बम पटाखों का शोर शांत हो गया। बम पटाखों के धुआं से उठी जहरीली गैस सुबह होते होते गायब हो गई, इस बार शहर के अधिकांश हिस्सों में दीपावली पर प्रदूषण कम रहा।
दीपावली पर गुरुवार को रात नौ से 10 बजे तक खूब बम पटाखे चले, चटाई और बुलेट बम के साथ अनार जलाने की होड लगी रही, इसके बाद धीरे धीरे बम पटाखों का शोर कम हुआ और कुछ ही देर में इक्का दुक्का बम पटाखे चलाने की आवाज सुनाई दी। विशेषज्ञों के अनुसार पिछले साल से इस बार कुछ ही देर के लिए बम पटाखे ज्यादा चले लेकिन 24 घंटे की स्थिति देखें तो वातारण में कार्बन मोनो आॅक्साइड, सल्फर डाई आॅक्साइड, पोटाशा सहित अन्य जहरीली गैसों की मात्रा ज्यादा नहीं रही।
चार घंटे तक जहरीली गैस
आगरा में नौ से 10 बजे तक सबसे ज्यादा बम पटाखे चले, वहीं रात आठ से 12 बजे तक वातावरण में जहरीली गैसों का प्रकोप रहा। इस दौरान अस्थमा रोगियों को सांस संबंधी बीमारी से पीडित लोगों को समस्या हुई।
महंगे पटाखे, बम चलाने का क्रेज
पिछले साल से इस बार पटाखे भी महंगे रहे, सबसे ज्यादा बिक्री चटाई की हुई, इसमें छोटे बम होते हैं और आग लगाते ही दो से तीन मिनट तक बम चलते रहते हैं, इसके बाद अनार भी खूब चले, तेज आवाज वाले बम कम चलाए गए। अनार और चकई भी खूब चली। लोगों में भी बम चलाने का खूब क्रेज रहा।
सोशल मीडिया पर फोटो के लिए चलाए बम
दीपावली पर सोशल मीडिया पर घर की सजावट और बम पटाखे चलाते हुए फोटो अपलोड करने की होड लगी रही, ऐसे में तमाम लोगों ने बम चलाते हुए फोटो खींचा, इसके बाद उन्होंने बम नहीं चलाए और सोशल मीडिया पर अपना फोटो अपलोड करने में जुटे रहे। इसके बाद वे लाइक और कमेंट ही चेक करते गए।
खूब चला माई लॉर्ड
सुप्रीम कोर्ट ने प्रदूषण के स्तर को देखते हुए दिल्ली एनसीआर में बम पटाखे की बिक्री पर रोक लगा दी थी। ऐसे में लोगों ने सोशल मीडिया पर अपने स्टेटस और फोटो अपलोड करने पर लिखा,माई लॉर्ड, किसी ने थैंक्यू बोला तो तमाम लोगों ने टिप्पणी भी की।