आगरालीक्स… आगरा में इलेक्ट्रिक कारों का क्रेज तेजी से बढ़ रहा है। शहर की सड़कों पर भी करीब एक दर्जन से ज्यादा कारें दौड़ रही हैं। लेकिन शीघ्र ही आगरा की सड़कों पर सौ वातानकूलित इलेक्ट्रिक बसें भी दौड़ती नजर आएंगी।
एक चार्जिंग में साढ़े तीन सौ किमी की दूरी
आगरा में अभी एक मात्र चार्जिंग स्टेशन है, जिसके संचालक सिद्धांत गर्ग ने बताया कि इलेक्ट्रिक वाहनों का क्रेज लोगों में अब तेजी से बढ़ रहा है। आगरा में अभी करीब एक दर्जन से ज्यादा इलेक्ट्रिक कारें दौड़ रही हैं। उन्होंने बताया कि एक बार कार चार्ज होने पर 350 किलोमीटर की दूरी तय करती है।
इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएंगे
नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन ने कहा कि प्रदेश सरकार शीघ्र ही इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू करेगी। मिनी इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को बढ़ावा देने के लिए शहरों में अधिक से अधिक इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। नगर विकास मंत्री ने इस संबंध में अधिकारियों के साथ बैठक भी की।
आगरा को मिलेंगी सौ इलेक्ट्रिक बसें
उन्होंने बताया कि लखनऊ, कानपुर, आगरा में सौ-सौ इलेक्ट्रिक बसें दौड़ेंगी। इसके अलावा वाराणसी, प्रयागराज, मथुरा, गाजियाबाद, मेरठ में पचास-पचास बसें, गोरखपुर, अलीगढ़, बरेली, मुरादाबाद, शाहजहांपुर और झांसी में 25-25 बसें चलेंगी। उन्होने परिवहन निधि यूटीएफ को 150 करोड़ से बढ़ाकर 250 करोड़ करने का आश्वासन दिया।