आगरालीक्स…खौफनाक मर्डर. समलैंगिक बेटे के संबंधों का सच जब पिता को चला तो बेटे ने साथियों के साथ मिलकर पिता को मार डाला. अधजली मिली थी लाश
आगरा मंडल के मथुरा जिले में खौफनाक मर्डर का खुलासा पुलिस ने किया है. बीती 4 मई को राया के गांव अयेरा में एक बक्से के अंदर मिली अधजली लाश की पहचान करते हुए पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर लिया है. बेटे ने ही अपने पिता को ये खौफनाक मौत दी थी. बेटा समलैंगिक था और पिता को जब उसके संबंधों के बारे में पता चला तो बेटे ने अपने साथियों के साथ मिलकर पिता के जलाकर मार डाला. पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान चारों आरोपियों को अरेस्ट कर लिया है. इनमें दो गोली लगने से घायल हो गए हैं.
घटना का खुलासा करते पुलिस ने बताया कि 4 मई को अयेरा गांव में बक्से के अंदर मिली लाश की पहचान मोहनलाल शर्मा निवासी अंतापाड़ा शहर कोतवाली के रूप में हुई थी. जांच में पता लगा कि मोहनलाल के 23 साल के अविवाहित बेटे अजीत के कृष्णा पुत्र मुन्नालाल निवासी प्रतापनगर, जमुनापार के साथ समलैंगिक संबंध हैं. कृष्णा के जरिए उसकी मुलाकात घीया मंडी के रहने वाले लोकेश पुत्र राकेश और मोहल्ला गुजराना चौबियापाड़ा के दीपक के साथ हुई थी. मोहनलाल को जब बेटे के समलैंगिक संबंधों के बारे में जानकारी हुई तो वह विरोध किया करता था.
एक मई को पिता ने कृष्णा और अजीत की पिटाई भी लगा दी थी. इस पर कृष्णा और अीजत ने लोकेश और दीपक के साथ मिलकर दो मई की रात मोहनलाल की घर में ही सब्बल से वार कर हत्या कर दी और तीन मई की रात को शव को बक्से में बंद कर बाइक पर राया क्षेत्र में ले गए. यहां शव पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी. पुलिस ने लोकेश और दीपक को यमुना पुल के नीचे श्मशान घाट से अरेस्ट कर लिया. देर रात कृष्णा और अजीत को पकड़ने की कोशिश की तो उन्होंने फायरिंग कर दी. जवाबी फायरिंग में दोनों के पैर में गोली लगी है. पुलिस ने चारों को अरेस्ट कर लिया है.