आगरालीक्स… आगरा में यूपी बार काउंसिल की अध्यक्ष दरवेश सिंह हत्याकांड में आरोपी मनीष के पिता ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र दिया है। इसमें उन्होंने कहा है कि चार लोगों की मौजूदगी में गोली चली, मेरे बेटे को सडक पर फेंककर चले गए। उन्होंने चार लोगों पर आरोप लगाया है और मुकदमे की मांग की है।
आगरा में 12 जून को दीवानी में यूपी बार काउंसिल की अध्यक्ष दरवेश सिंह की दीवानी में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद आरोपी मनीष बाबू शर्मा के भी कनपटी में गोली लगी थी, उनका मेदांता में इलाज चल रहा है। दरवेश सिंह की हत्या के मामले में मनीष शर्मा, उनकी पत्नी वंदना शर्मा और अधिवक्ता विनीत गुलेच्छा पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
मनीष के पिता ने दिया प्रार्थना पत्र
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार को मनीष के पिता रमेश बाबू शर्मा एसएसपी जोगेंद्र सिंह से मिले। एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में उन्होंने लिखा है कि घटना वाले दिन उनका बेटा मनीष घर में था। दीवानी से अधिवक्ता विनीत गुलेच्छा उन्हें बुलाने पहुंचे थे। मनीष की पत्नी वंदना ने काफी मना किया, लेकिन विनीत ने अपने बच्चों की कसम खाकर विश्वास दिलाया कि जैसा ले जा रहा हूं, वैसा ही छोड़कर जाऊंगा। जिस पर मनीष बेमन से विनीत के साथ चला गया। मनीष जब दीवानी में वरिष्ठ अधिवक्ता अरविंद मिश्र के चैंबर में पहुंचा तो दरवेश, इंस्पेक्टर सतीश यादव, मनोज यादव और कंचन मौजूद थे। गहमागहमी के बाद मनीष के गोली लग गई। उन्होंने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
