आगरालीक्स…. आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की परीक्षा प्रक्रिया चुनाव के चलते फंस गई है।
विवि द्वारा परीक्षा फॉर्म भरवाने का कार्यक्रम जारी होने के बाद से कॉलेज प्रबंधन परेशान हैं। सबसे अधिक परेशानी एडेड और राजकीय कॉलेजों के लिए हो गयी है। क्योंकि चुनाव में कर्मचारियों की ड्यूटी लगने फॉर्म भरवाने की राह मुश्किल हो रही है।
विवि ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के आधार पर होने वाली परीक्षा के फॉर्म भरवाने की प्रक्रिया शुरू की गयी है। एनईपी के तहत संचालित होने वाले बीए, बीएससी और बीकॉम के साथ-साथ एमए, एमएससी और एमकॉम के लिए परीक्षा फॉर्म भरवाए जा रहे हैं।
विवि की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार कॉलेज अपने लॉगइन में जाकर पांच मई तक बैच बनाकर शुल्क जमा कर सकेंगे। विलंब शुल्क के साथ बैच बनाने के लिए आठ मई तक का समय होगा। विवि की ओर से प्रति छात्र पांच सौ रुपये विलंब शुल्क निर्धारित किया है। शुल्क जमा करने के बाद 10 मई तक परीक्षा फॉर्म भरे जा सकेंगे। यहीं पर कॉलेज फंस गए हैं। कॉलेजों की सात मई को होने वाला चुनाव और पांच मई को अंतिम तिथि है। इसके बाद विवि पांच सौ रुपए विलंब शुल्क लेगा। कॉलेज प्राचार्यों के अनुसार पांच तक फॉर्म भरवाना चुनाव में कर्मचारियों, शिक्षकों की ड्यूटी के चलते संभव ही नहीं है। पांच के बाद विवि विलंब शुल्क लेगा।