आगरालीक्स…. आगरा के आंबेडकर विवि में मेडिकल छात्रों को पास कराने के लिए एमबीबीएस और बीएएमएस की उत्तर पुस्तिका बदलने के मामले में ईडी की जांच, मुकदमा दर्ज। डॉक्टर, विवि कर्मचारी सहित 13 शामिल।

आगरा में 27 अगस्त 2022 को बीएएमएस की उत्तर पुस्तिका बदलने का मामला सामने आया था। विवि के अधिकारियों की मदद से हरीपर्वत क्षेत्र में आटो को पकड़ा गया था, इसी आटो से बीएएमएस की परीक्षा होने के बाद परीक्षा केंद्र से कॉपी मूल्यांकन केंद्र तक पहुंचाई जाती थी। परीक्षा केंद्र से आटो निकलने के बाद हरीपर्वत क्षेत्र में बनी एक दुकान में पहुंचता था, यहां पहले से ही उत्तर पुस्तिका लिखकर तैयार कर दी जाती थी। जिन छात्रों से 50 हजार से एक लाख रुपये की बुकिंग की जाती थी उनकी उत्तर पुस्तिका बदल कर लिखवाई गई नई उत्तर पुस्तिका रख दी जाती थी। पुलिस ने इस मामले में छात्र नेता राहुल पाराशर, दिल्ली के डॉक्टर अतुल सहित 13 को नामजद किया था, इनके खिलाफ चार्जशीट भी लगा दी। इसके बाद एसटीएफ जांच कराई गई।
ईडी ने शुरू की जांच
बीएएमएस की उत्तर पुस्तिका बदलने के मामले में छात्र नेता राहुल पाराशर, डॉ. अतुल, टेंपो चालक देवेंद्र, दलाल दुर्गेश, विवि के पूर्व कर्मचारी शिव कुमार एजेंसी के कर्मचारी भीकम सिंह, विवि के मूल्यांकन केंद्र के कर्मचारी उमेश, फार्मेसी कॉलेज के कर्मचारी शैलंद्र बघेल उर्फ शैलू को अरेस्ट किया गया था। इस पूरे मामले का सरगना विवि का पूर्व कर्मचारी शिव कुमार था। इस मामले में ईडी ने प्रिवेंशन आफ मनी लॉड्रिंग के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ईडी द्वारा आरोपियों की संपत्ति का ब्योरा जुटाया जा रहा है।