आगरालीक्स …..आगरा के डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय में छात्रों को परिणाम न मिलने से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बीकॉम वोकेशनल की छात्रा ने राज्यपाल से उसका परिणाम जारी करने की गुहार लगाई है।
बीकॉम वोकेशनल की छात्रा अनुराधा सिंह की ओर से की गई शिकायत में कहा गया है कि उसने 2023 में छठवें सेमेस्टर की परीक्षा दी थी। इसके बाद से अभी तक उसका परिणाम वेबसाइट पर नहीं दिख रहा है। अनुराधा के अनुसार परिणाम देखने पर उसे प्लीज एंटर करेक्ट इनफॉरमेशन ओर रिकॉर्ड नॉट फाउंड का मैसेज मिलता है। उसके साथ-साथ कई और छात्रों का परिणाम भी वेबसाइट पर नहीं दिख रहा है।
जबकि विश्वविद्यालय की रिकॉर्ड में परिणाम जारी हो चुका है। अनुराधा के अनुसार यदि उसका परिणाम जल्द नहीं मिला तो उसका एक साल और खराब हो जाएगा। ऐसे में उसने राज्यपाल से हाथ जोड़कर परिणाम जारी करने की मांग की है। वहीं परीक्षा नियंत्रक डॉक्टर ओम प्रकाश के अनुसार मामले को दिखाया जाएगा।