आगरालीक्स …आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विवि की ओर से भेजे गए एसएमएस ने छात्रों की मुश्किलें बढ़ा दी। छात्रों को काउंसलिंग के लिए एसएमएस भेजा गया। जबकि काउंसिलिंग थी ही नहीं।
विश्वविद्यालय में स्नातक में प्रवेश के लिए वेब रजिस्ट्रेशन कराए जा रहे हैं। वेब रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 30 जून है। इसी बीच विभिन्न पाठ्यक्रमों में आवेदन करने वाले छात्रों को काउंसलिंग के लिए बुला लिया गया। छात्रों को उनके पंजीकृत मोबाइल पर संदेश भेजा गया था। इसमें छात्रों को शुक्रवार को काउंसलिंग के लिए पहुंचने को कहा गया था। इसके कारण से बड़ी संख्या में छात्र खंदारी कैंपस में पहुंच गए और विभिन्न संस्थानों में भटकते रहे। बेसिक साइंस संस्थान में छात्र एकत्रित हो गए। इसके बाद उन्हें काउंसलिंग ना होने के बारे में बताया गया।
इसमें बीकॉम वोकेशनल, एमए और एमएसडब्ल्यू के साथ-साथ कई अन्य पाठ्यक्रमों के छात्र शामिल थे। इससे पूर्व रविवार को भी छात्र ऐसे ही एक एसएमएस पर खंदारी कैंपस में काउंसलिंग के लिए पहुंचे थे। प्रवेश समन्वयक प्रो. संजीव कुमार के अनुसार तकनीकी कारण से छात्रों को एमएसमएस पहुंचा था। जानकारी होते ही छात्रों को दूसरा एसएमएस भेज दिया गया था। जिसमें अभी काउंसलिंग ना होने के बारे में जानकारी दी गयी थी। शायद कुछ छात्रों को दूसरा एसएमएस नहीं पहुंचा। इसके चलते छात्र आ गए।