आगरालीक्स ..आगरा में घर से बाहर निकलते समय रूट डायवर्जन देख लें, वन वे ट्रैफिक किया गया है, नो पार्किंग जोन में वाहन खडे करने पर उठा लिए जाएंगे।
धनतेरस पर बाजारों और सड़कों पर लोगों की भीड़ के मददेनजर वन वे ट्रैफिक रहेगा, सदर तहसील चौराहे से वाहन रूई की मंडी होते हुए भोगीपुरा चौराहे की ओर जा सकेंगे। वाहनों को सीओडी तिराहा, कोठी मीना बाजार, स्पीड कलर लैब तिराहे और सोरों कटरा से वापस आना होगा। कोठी मीना बाजार मार्ग पर रेलवे के पुल पर निर्माण कार्य के चलते पंचकुइयां से रूट डायवर्ट करके शाहगंज से वाहनों को निकाला जा रहा है।
हास्पिटल रोड पर दो पहिया वाहन ही जा सकेंगे
हास्पिटल रोड से फव्वारा की ओर किसी भी चार पहिया वाहन को नहीं जाने दिया जाएगा। यहां दो पहिया वाहन ही निकल सकेंगे।
एमजी रोड, संजय प्लेस में कार्रवाई
एमजी रोड पर त्योहार के समय क्रेन लगातार गश्त करती रहेंगी। रोड पर खड़े वाहनों को पुलिस लाइन में दाखिल कर शमन शुल्क वसूला जाएगा। शहर के प्रमुख बाजारों में सीसीटीवी कैमरे से भी पुलिस निगरानी करेगी। कई स्थानों पर पुलिस बैरियर लगाकर चेकिंग करेगी। धनतेरस पर देर रात तक खरीददारी करने वालों की बाजार में भीड़ रहती है। ऐसे में रात नौ बजे के बजाय नो एंट्री बाजार बंद होने के बाद खोली जाएगी।