आगरालीक्स.. आगरा के एक बडे डॉक्टर से शातिरों ने 66 हजार रुपये निकाल लिए, इस मामले की जांच साइबर सेल कर रही है। आगरा के दिल्ली गेट क्षेत्र के एक चिकित्सक के पास पिछले दिनों एक अंजान नंबर से कॉल आई। उसने खुद को एचडीएफसी बैंक का कर्मचारी बताया। कहा कि आपकी पॉलिसी की प्रीमियम बकाया है। आप अपने घर से ही भुगतान करेंगे तो 10 फीसद की छूट मिलेगी। चिकित्सक की पॉलिसी का प्रीमियम बकाया था, इसलिए उन्हें भरोसा हो गया। अगले दिन बैंक की यूनिफॉर्म और कार्ड गले में डालकर शातिर चिकित्सक के क्लीनिक पर पहुंचा।

उसने डॉक्टर से चेक बुक लेकर मैजिक इंक वाले पेन से 22 हजार रुपये की धनराशि और अपना नाम लिखकर चेक चिकित्सक को दे दिया। चिकित्सक ने अपने पेन से हस्ताक्षर करके चेक युवक को दे दिया। इसके बाद चिकित्सक के खाते से 66675 रुपये निकाल लिए गए। उन्होंने बैंक जाकर पता किया तो पता चला कि उनके उसी चेक से रकम निकाली गई है, जो उन्होंने प्रीमियम के लिए दिया था। चिकित्सक ने साइबर सेल में मामले की शिकायत कर दी।
मैजिक इंक से बनाया शिकार
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि शातिर ने मैजिक इंक से चेक पर डिटेल भरी थी। इसके बाद उसमें हेरफेर कर रकम निकाल ली।