आगरालीक्स.. आगरा के अंबेडकर विवि की परीक्षा मजाक बन गई हैं, आज दो मार्च सुबह सात बजे से परीक्षा है, केंद्र नहीं बने हैं, छात्रों को प्रवेश पत्र नहीं मिले हैं। नकल की रोकथाम के लिए सचल दल नहीं बनाए गए हैं। पहले दिन 100 केंद्रों पर 27 हजार छात्र परीक्षा में शामिल होंगे। रविवार रात तक कॉलेज संचालक और विवि के अधिकारी केंद्र बनाने में लगे रहे। कॉलेज संचालकों ने हंगामा भी किया और विवि प्रशासन पर पैसे लेकर केंद्र बनाने के आरोप लगाए हैं।
आगरा के अंबेडकर विवि की बीए बीएससी बीकॉम, एमए एमएससी एमकॉम की परीक्षा दो मार्च से शुरू हो रही है। इसमें आगरा के साथ ही मथुरा, अलीगढ हाथरस, फीरोजाबाद, कासगंज, एटा, मैनपुरी जिले के कॉलेज के छात्र छात्राएं शामिल होंगे। पहले दिन की परीक्षा 100 केंद्रों पर होगी और 27 हजार छात्र परीक्षा में शामिल होंगे लेकिन विवि प्रशासन परीक्षा केंद्र नहीं बना सका है।
कॉलेज संचालकों का हंगामा, रात तक परीक्षा केंद्र बनाने की कसरत
विवि ने आठ जिलों में 45 नोडल केंद्र और 365 परीक्षा केंद्र बनाए हैं। विवि के अधिकारियों और औटा के पदाधिकारियों की समिति ने शनिवार रात को कुछ परीक्षा केंद्र बदल दिए, इसके बाद रविवार सुबह से ही विवि के खंदारी में कॉलेज संचालक पहुंच गए। पैसे लेकर केंद्र बनाने और उनके कॉलेज का केंद्र 40 किलोमीटर दूर रखने के आरोप लगाए। कॉलेज संचालकों ने जमकर हंगामा किया, पुलिस बुलानी पडी, कार्यवाहक कुलसचिव डॉ राजीव कुमार ने कॉलेज संचालकों के आवेदन ले लिए। रात तक विवि के गेस्ट हाउस में परीक्षा केंद्र में संशोधन के लिए बैठक चलती रही, कॉलेज संचालक बाहर खडे रहे।